राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों की बुनियादी साक्षरता और गणित की समझ का आकलन करने के लिए पटना के 25 स्कूलों में सर्वेक्षण शुरू किया गया है।

यह सर्वे ‘परख’ एनसीईआरटी के तत्वावधान में कराया जा रहा है। सर्वे शुक्रवार तक चलेगा। जिले के 25 स्कूलों को नमूना विद्यालय के रूप में चुना गया है। इनमें 14 हिंदी माध्यम के सरकारी स्कूल और 11 अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूल शामिल हैं।


हर स्कूल से रैंडम सैंपलिंग के आधार पर 12 बच्चों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 300 छात्र-छात्राओं का आकलन किया जाएगा। सर्वे हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू माध्यम में किया जाएगा।


इसमें तीसरी कक्षा के बच्चों से भाषा और गणित से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके आधार पर यह देखा जाएगा कि शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलाव से बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता में कितना सुधार हुआ है।

दरअसल, यह मिडलाइन सर्वे है। इससे पहले वर्ष 2022 में बेसलाइन सर्वे किया गया था। नई रिपोर्ट से पता चलेगा कि 2022 से 2026 के बीच बच्चों के शैक्षणिक स्तर में कितना सुधार हुआ है।
