बिहार : बिहार में शुक्रवार और शनिवार को अररिया, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। गुरुवार को अचानक पूरवा चलने से ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस तक कि गिरावट आई। वहीं न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। 19 अप्रैल से पछुआ हवा का प्रवाह तेज होने का पूर्वानुमान है जिससे प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में बिहार में गुरुवार को मौसम का दो रंग दिखा।

पछुआ चलने के कारण दक्षिण बिहार के तीन जिलों रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया तो अन्य 35 जिलों में पूरवा के कारण कारण तापमान 40 डिग्री के नीचे रहा। एक-दो जिलों में तो तापमान 29.1 डिग्री रहा। हालांकि 19 अप्रैल से पछुआ चलने के आसार हैं। इस कारण तापमान में वृद्धि होने से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के ज्यादातर जिलों में एक-दो दिनों बाद पछुआ का प्रवाह होगा। पछुआ की वजह से दिन के तापमान में क्रमिक वृद्धि होगी। हालांकि कुछ जिलों में पूरवा के कारण तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

गुरुवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.1 से 41.6 और न्यूनतम तापमान 20.5 से 26.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रोहतास के डेहरी का अधिकतम तापमान 41.6, भभुआ का 41.5 और औरंगाबाद का 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का अधिकतम पारा गिरा तो न्यूनतम चढ़ा
पटना के तापमान में विशेष बदलाव का पुर्वानुमान नहीं है। मगर रविवार से फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस कारण लोगों को भीषण गर्मी का अहसास होगा। गुरुवार को पटना में पूरवा हवा चलने के कारण अधिकतम तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस चढ़ गया। पटना का अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा।

19 से प्रदेश में एक बार फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पछुआ के प्रवाह के कारण अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। जिस कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा, लेकिन गुरुवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में पूरवा हवा का प्रवाह शुरू हो गया। इसी कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है।

शुक्रवार और शनिवार को राज्य में पूरवा और पछुआ दोनों हवा का प्रवाह रहेगा। जहां पूरवा हवा का प्रवाह रहेगा, वहां के तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मगर रविवार से राज्यभर में एक बार फिर पछुआ हवा का प्रवाह शुरू होने का पूर्वानुमान है। इससे दिन के तापमान में वृद्धि होने से लोगों को भीषण गर्मी का अहसास होगा।