चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा की पुस्तक ‘बिहार बढ़कर रहेगा’ का विमोचन करते बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी का फोटो राजनीतिक गलियारे में तूूल पकड़ता जा रहा है।
इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जुबानी हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी ने सुशील मोदी को दोहरे चरित्रवाले बिना हड्डी का नेता बताया है। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट किया है और इसमें लगे हाथ सृजन के बहाने नीतीश कुमार पर तंज कसा है।

तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा, ‘पूर्व सीएम पंडित जगन्नाथ मिश्रा जी कथित चारा घोटाले में कथित सज़ायाफ्ता हैं। घोटाले के याचिकाकर्ता सुशील मोदी सजायाफ्ता मिश्रा जी की पुस्तक “बिहार बढ़कर रहेगा” का विमोचन कर रहे हैं। मिश्रा जी का बेटा बीजेपी का उपाध्यक्ष है, इसलिए मिश्रा जी का सब माफ है। सब छूट है।’
इसी ट्वीट में तेजस्वी आगे लिखते है – ‘सुशील मोदी जैसे दोहरेपन वाले बिना हड्डी के नेता मिश्रा जी की पुस्तक का प्रमोशन भी करेंगे और घोटाले में उन्हें गाली भी देंगे। बाक़ी सब दलित-पिछड़े चोर है। है ना? इसलिए कहता हूं बीजेपी जैसी भ्रष्ट और जातिवादी पार्टी में जाने से कोई भी राजा हरीशचंद्र बन सकता है। जैसे हमारे सृजन चोर चाचा जी…’

पटना के होटल मौर्या में सोमवार को ललित नारायण मिश्र कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर की ओर से कार्यक्रम को आयोजन था। इसी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा की पुस्तक ‘बिहार बढ़कर रहेगा’ का विमोचन था। विमोचान समारोह में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी भी मौजूद थे और उन्होंने पुस्तक की प्रशंसा भी की।
सुशील मोदी शुरू से चारा घोटाला की आवाज उठाते रहे हैं। इतना ही नहीं, आइआरसीटी मामले में भी उन्होंने मुखर होकर लालू परिवार को घेरा था। इसके साथ ही पिछले दिनों लालू प्रसाद यादव पर सुशील मोदी ने किताब भी लिखी थी।
