भाजपा के पक्ष में काम कर रही CRPF ! ममता बनर्जी का गंभीर आरोप, रिकॉर्ड मतदान के बीच जीत का जताया भरोसा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोलकाता में मीडिया से बातचीत करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर राज्य पुलिस की मौजूदगी नहीं है और  CRPF ने पूरी व्यवस्था अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार रात से ही केंद्रीय बलों की ओर से ज्यादतियां शुरू हो गई थीं। ममता के मुताबिक, उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और मतदाताओं के साथ-साथ केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

भवानीपुर से चुनाव लड़ रही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि CRPF का काम सीमाओं की सुरक्षा करना है, लेकिन यहां वे एक खास राजनीतिक दल के हित में काम करते नजर आ रहे हैं। ममता बनर्जी के इन आरोपों के बाद चुनावी माहौल और गर्म हो गया है, हालांकि केंद्रीय बलों या चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अपराह्न 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को मतदान नए रिकॉर्ड बन गए हैं। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है जब अपराह्न 3 बजे तक मतदान प्रतिशत का नया रिकॉर्ड बन गया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अपराह्न 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान हुआ। इस चरण में कुल 142 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट भी शामिल है। मतदान सुबह से ही काफी उत्साह से हुआ जब सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान हुआ जबकि 11 बजे तक करीब 40% वोटिंग दर्ज की गई और दोपहर एक बजे तक 61.11% वोटिंग हुई।  इसी तरह अपराह्न 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान का आंकड़ा क्रॉस हो गया।

चुनावी आंकड़े और सुरक्षा इंतजाम

पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से 210 सामान्य, 68 अनुसूचित जाति (SC) और 10 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। राज्य में कुल 6.8 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 5 लाख से अधिक पहली बार वोट डालने वाले हैं। वहीं 3.79 लाख मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। दूसरे चरण में 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण में करीब 3.21 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

पहले चरण में बना था रिकॉर्ड

23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 90% से अधिक वोटिंग दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना था। दूसरे चरण में भी मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।

4 मई को आएंगे नतीजे

राज्य में जारी इस हाई-प्रोफाइल चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading