बिहार में आंधी-तूफान ने बरपाया क’हर, निर्माणाधीन बिल्डिंग के दीवार गिरने से दो की मौ’त

पटना : बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर में तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपाया. रूपसपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग के दीवार गिरने से दो लोग मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतकों की शिनाख्त त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा और अनीता देवी के रूप में हुई है.

आंधी-तूफान का कहर

दरअसल, राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात जबरदस्त आंधी, तूफान और बारिश आयी. रूपसपुर के रुकनपुरा देवी स्थान के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के छठे तल्ले से अचानक दीवार भरभराकर गिर गई. इस हादसे में राह चलते दो लोग मलबे में दब गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

महिला और पुरुष की मौत

मृतकों की पहचान तिलक नगर निवासी त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा (73) और रुकनपुरा निवासी अनीता देवी (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नौबतपुर की रहने वाली थीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों तेज आंधी और बारिश के दौरान पैदल जा रहे थे, तभी निर्माणाधीन भवन की दीवार गिर गई और वे उसकी चपेट में आ गए.

निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह निर्माणाधीन भवन नंद किशोर सिंह का है.

सीतामढ़ी में जनजीवन अस्त-व्यस्त

 सीतामढ़ी जिले में बीती देर रात आए तेज आंधी-पानी ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. अचानक बदले मौसम के इस रौद्र रूप ने जिले के कई इलाकों में व्यापक तबाही मचाई है. तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण सैकड़ों कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है, जिससे गरीब और कमजोर वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. कई परिवारों के घर आंशिक या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे वे बेघर होने की कगार पर पहुंच गए हैं.

आंधी का असर सिर्फ मकानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई. जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए. जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. अंधेरे में डूबे कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. खासकर गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं.

कई जगह आवागमन बाधित

वहीं, तेज आंधी के कारण सड़कों पर पेड़ और बड़ी-बड़ी टहनियां गिर गईं, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया. सुबह के समय कामकाजी लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा या फिर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा.

विद्यालय को पहुंचा नुकसान

जिला मुख्यालय के डुमरा बस स्टैंड में विशाल कदम का पेड़ गिरने से कई दुकानें चपेट में आ गई. डुमरा प्रखंड के मिर्जापुर स्थित उर्दू विद्यालय भी इस आंधी-पानी की चपेट में आ गया. विद्यालय भवन को नुकसान पहुंचा है. टीन का शेड उड़ गया.

कई जिलों में दिखा असर
इधर, बक्सर-पटना रेलखंड के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर विशालकाय पेड़ गिर गया. इसमें यात्री बाल-बाल बच गए. भागलपुर, मधुबनी, भोजपुर, खगड़िया, समस्तीपुर, मुंगेर सहित कई जिलों में तेज आंधी-बारिश के कारण जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया. कई जगहों पर घंटों तक बिजली गुल रही. हालांकि बारिश से लोगों ने गर्मी में राहत पायी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.