डिज्नीलैंड में झूला टूटा, मेले में मची चीख-पुकार, कई लोग अस्पताल में भर्ती, इलाके में दहशत

सासराम: सासाराम में शुक्रवार की देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब पायलट बाबा आश्रम के पास लगे डिज्नी लैंड मेले में एक झूला अचानक टूट गया। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। झूला टूटने से उसमें बैठे कई लोग नीचे गिर पड़े, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां इन दिनों डिज्नी लैंड मेला लगा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूला तेज गति से चल रहा था, तभी अचानक उसका एक हिस्सा टूट गया और उसमें बैठे लोग नीचे गिर गए। हादसे के तुरंत बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। अस्पताल में जिन लोगों का इलाज चल रहा है, उनमें 10 वर्षीय धीरज कुमार, 32 वर्षीय श्वेता सिंह और सीमा देवी शामिल हैं। इसके अलावा मेले में मौजूद कई अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय झूले के आसपास काफी भीड़ थी। झूला टूटने के बाद वहां मौजूद लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। बच्चों और महिलाओं में खासा डर देखा गया।

घटना के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झूला तकनीकी खराबी के कारण टूटा या सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरती गई थी।
इस हादसे ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से मेले में लगे झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की जांच कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading