खगड़िया: जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. ठठा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

सड़क हादसे में 7 की मौत
हादसे में दो माह का नवजात, एक महिला और एक बालक की मौत ने लोगों को भावुक कर दिया. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सवार लोग किसी जरूरी काम से जा रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी.

तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सड़क पर शव और घायलों को पड़ा देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
घायलों की स्थिति गंभीर
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने लगे. घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई है और बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है. वहीं पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं.

पुलिस ने ट्रक किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है. चालक घटना के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है.

NH-31 पर लगातार हादसों से लोगों में नाराजगी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-31 पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर सख्त यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में नवजात शिशु और महिला की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजन लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.