शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक करतूत! मासूम छात्रा को कोल्ड ड्रिंक का झांसा देकर पिलाई पेशाब; मचा बवाल

पूर्णिया: पूर्णिया जिले के चंपानगर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। सिंधिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर कक्षा एक की सात वर्षीय छात्रा को कोल्ड ड्रिंक का झांसा देकर पेशाब पिलाने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर पहुंच गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया
मामला बढ़ता देख चंपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के खुट्टी धुनैली गांव निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता की मां के लिखित बयान पर कांड संख्या-69/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

रोज की तरह बच्ची पढ़ने गई थी स्कूल
एफआईआर के अनुसार, बच्ची रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को पूरी घटना बताई। मासूम ने कहा कि हेडमास्टर ने उसे अपने पास बुलाया और बोतल के ढक्कन में भरा तरल पदार्थ देते हुए कहा कि यह कोल्ड ड्रिंक है। बच्ची ने जैसे ही उसे मुंह में डाला, उसे एहसास हुआ कि वह पेशाब था।

बोतल से तेज दुर्गंध आने की बात आई सामने
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची की मां अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंची। आरोप है कि जब उन्होंने प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा तो वह गाली-गलौज पर उतर आया और उन्हें स्कूल से बाहर निकालने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान बच्ची ने टेबल पर रखी उस बोतल की ओर इशारा किया, जिससे कथित तौर पर उसे पेशाब पिलाया गया था। परिजनों ने बोतल को सूंघा तो उसमें से तेज दुर्गंध आने की बात कही।

हालांकि, पुलिस हिरासत में आरोपी प्रधानाध्यापक ने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत और मनगढ़ंत बताया है। चंपानगर थानाध्यक्ष अनुपम राज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल से संदिग्ध बोतल को जब्त किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading