बिहार के 5 जिलों में कल हीटवेव का रेड अलर्ट, पटना में आंधी-बारिश के आसार; देखें मौसम पूर्वानुमान

बिहार : बिहार में भीषण गर्मी का दौर फिर से शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार 21 मई को दक्षिण बिहार के 5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, राज्य के अन्य हिस्सों में आंधी, बारिश का मौसम बना रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी पटना में भी गुरुवार को मौसम बिगड़ सकता है। इसके अलावा कोसी, सीमांचल, पूर्वी बिहार और उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को राज्य भर के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर सबसे गर्म रहा। अन्य जिलों में भी दिन का पारा 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।

मौसम विभाग ने गुरुवार को बक्सर, भोजपुर (आरा), कैमूर (भभुआ), रोहतास (सासाराम) और औरंगाबाद जिले में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भयंकर लू चलने की आशंका है। दिन का तापमान चढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

पटना समेत 27 जिलों में कल आंधी-बारिश के आसार

एक तरफ भीषण गर्मी, तो दूसरी तरफ बिहार के 27 जिलों में आंधी, बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पटना, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, गयाजी, नवादा, बांका, अररिया, किशनगंज, कटिहार, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, जमुई और सुपौल जिले में येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और बारिश होने के आसार हैं। मौसम बिगड़ने पर कहीं-कहीं आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने का भी खतरा रहेगा। लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पूरे बिहार में बढ़ी गर्मी

बिहार में एक-दो जगहों को छोड़कर अधिकांश जिलों में बुधवार 20 मई को दिन के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कैमूर में सर्वाधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रोहतास जिले का डेहरी 43 डिग्री, औरंगाबाद 41.5 डिग्री, छपरा 40.2 डिग्री तापमान के साथ गर्म रहा।

पटना में दो डिग्री चढ़ा पारा

राजधानी पटना में भी बुधवार को भीषण गर्मी का माहौल रहा। दिन में तीखी धूप और तपिश से अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री उछलकर 38.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। भागलपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, यहां दिन का पारा 37.1 डिग्री दर्ज हुआ। दरभंगा, सुपौल, फारबिसगंज (अररिया), पूर्णिया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, सीवान, बक्सर, अरवल, गयाजी, नालंदा, शेखपुरा जैसे जिलों में भी तापमान में उछाल आया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading