इश्क का टावर टॉकीज! पंचायत फेल तो प्रेमिका चढ़ गई मोबाइल टावर पर, नीचे खड़ी रही भीड़, ऊपर लटकता रहा मोहब्बत का फैसला

गोपालगंज : गोपालगंज की धरती पर इस बार इश्क ने ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा दिखाया कि देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गईं और सिस्टम एक बार फिर मौके पर तमाशबीन सा नजर आया। प्यार, पंचायत और परिवार के बीच फंसी एक कहानी ने आखिरकार मोबाइल टावर को ही इंसाफ का मंच बना दिया। मामला माझा थाना क्षेत्र के जनटोली गांव का है, जहां अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती बिना किसी चेतावनी के सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। नीचे खड़ी भीड़ पहले तो समझ ही नहीं पाई कि यह “लव स्टोरी” है या लाइफ एंड डेथ ड्रामा।

ऊपर से आवाज आ रही थी मुझे मेरा हक चाहिए, मुझे शादी चाहिए! और नीचे गांव वाले इसे कभी रोमांस, कभी तमाशा और कभी पंचायत की नाकामी का लाइव प्रदर्शन समझकर देख रहे थे। बताया जा रहा है कि बैकुंठपुर की रहने वाली सिंधु कुमारी का जनटोली गांव के अमरजीत कुमार से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इश्क़ परवान चढ़ा तो शादी की डिमांड भी उठी, लेकिन परिवारों की दीवारें इतनी मजबूत निकलीं कि पंचायत की कई बैठकों के बाद भी मामला ना इधर का रहा, ना उधर का।

पंचायत ने समझाया, समाज ने समझाया, परिवारों ने अपनी-अपनी इज़्जत का हवाला दिया, लेकिन इश्क अपनी जिद पर अड़ा रहा। नतीजा-प्रेमिका सीधे ऊंचाई पर न्याय मांगने पहुंच गई, यानी मोबाइल टावर पर चढ़कर पूरा सिस्टम हिला दिया। जैसे ही खबर फैली, पूरा गांव मेला बन गया। लोग मोबाइल लेकर वीडियो बनाने में लग गए, मानो कोई सीरियल का क्लाइमैक्स चल रहा हो। कुछ लोग इसे सच्चा प्यार कह रहे थे, तो कुछ इसे “नया ट्रेंड टावर प्रेम प्रदर्शन बताकर कटाक्ष कर रहे थे।

इधर पुलिस पहुंची तो हालात संभालने के बजाय पहले समझाइश का डायलॉग मोड चालू हुआ। घंटों की मशक्कत, मीठी-तीखी बातों और परिवार के दबाव के बाद आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस का बयान भी वही पुराना मामले की जांच की जा रही है और दोनों परिवारों से बातचीत जारी है। लेकिन सवाल यह है कि जब पंचायतें थक जाएं, परिवार खामोश हो जाएं और प्रेम टावर पर चढ़ जाए तो आखिर समाधान जमीन पर मिलेगा या आसमान में ही लटकता रहेगा?

फिलहाल युवती नीचे आ चुकी है, लेकिन गांव में चर्चा अब भी ऊंचाई पर है। कोई इसे प्यार की जीत बता रहा है, कोई समाज की हार और सिस्टम एक बार फिर बीच में खड़ा बस जांच जारी है कहकर आगे बढ़ गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading