बिहार में 1 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गि’रफ्तार, नागालैंड से मुजफ्फरपुर होनी थी डिलवरी

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इमलीचट्टी बस स्टैंड से करीब एक करोड़ रुपये की 891.5 ग्राम हेरोइन बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से विदेशी शराब, चार मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य सामान भी जब्त किया है. मामले में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है.

कहां के हैं तस्कर 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी संजीत कुमार और बरूराज थाना क्षेत्र के कोरीगांवा निवासी कौशलेन्द्र कुमार के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर इमलीचट्टी बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं. सूचना के बाद नगर थाना पुलिस और मद्य निषेध ब्यूरो की संयुक्त टीम गठित की गई. एसएसपी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया.

दो युवकों को पुलिस ने दबोचा

रात करीब 10:50 बजे पुलिस टीम इमलीचट्टी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंची, जहां दो युवक ट्रॉली बैग और पीठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखे. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.

ट्रॉली बैग से निकला हेरोइन

तलाशी के दौरान संजीत कुमार के ट्रॉली बैग से 45 पैकेट में 727.7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. उसके बैग से असम में बिक्री के लिए बनी विदेशी शराब, दो मोबाइल फोन, नकद 610 रुपये और आधार कार्ड भी जब्त किया गया. वहीं, कौशलेन्द्र कुमार के बैग से 10 पैकेट में 163.8 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मादक पदार्थों का डिजिटल तराजू से वजन कर जब्ती सूची तैयार की गई और पूरी कार्रवाई का वीडियो ई-साक्ष्य पोर्टल पर अपलोड किया गया.

नागालैंड से आई हेरोइन

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि नागालैंड के दीमापुर में रहने वाले पूर्वी चंपारण निवासी चुमन कुमार ने उन्हें पहली बार मुजफ्फरपुर में हेरोइन सप्लाई के लिए भेजा था. पुलिस के अनुसार, खेप की डील करीब डेढ़ लाख रुपये में हुई थी और सप्लाई के बदले हर पैकेट पर कमीशन तय था.

क्या कहती है पुलिस

मामले में सिटी एसपी मोहीबुल्लह अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के तार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर नेटवर्क से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मुजफ्फरपुर में हेरोइन की इस खेप की सप्लाई किन लोगों तक होनी थी. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading