सिनेमाघरों की एक बड़ी चेन ने मुंबई में ठाकरे फिल्म को लेकर सिनेथॉन रखा है जिसमें शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की रात तक ठाकरे के शोज लगातार चलाए जा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह 4 बजे से ही फिल्म ठाकरे देखने के इच्छुक दर्शकों का मेला वडाला के इस सिनेमाघर में लगना शुरू हो गया।
मुंबई में किसी फिल्म का ऐसा क्रेज अब तक सिर्फ रजनीकांत की फिल्मों को लेकर ही देखने को मिलता रहा है।
सिनेमाघर पहुंचे दर्शकों का स्वागत महाराष्ट्र के परंपरागत रीति रिवाजों के साथ किया गया। तमाम दर्शक यहां मराठा पगड़ी पहने दिखे। इन दर्शकों के स्वागत के लिए ढोल और तुरही का इंतजाम किया गया था। सुबह चार बजे से ही सिनेमाघर पर ढोल बजाने वाली एक टोली केसरिया पकड़ियां पहने आ डटी।

ठाकरे की रिलीज का ये जश्न सुबह 10 बजे तक चलता रहा। फिल्म शुरू होने से पहले सिनेमाघर में लगाई गई छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा और पोस्टर का दूध से अभिषेक किया गया। इसके बाद मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के बीच फिल्म का पहला शो शुरू किया गया।
इस दौरान एक कलाकार को ठाकरे के गेटअप में यहां घूमते देखा गया। पहली बार तो लोग खुद भी इस कलाकार को देख चौंक गए। फिल्म शुरू होने के बाद सिनेमाहॉल के भीतर भी ठाकरे के प्रशंककों का जश्न जारी रहा। परदे पर जब ठाकरे का किरदार पहली बार आया तो फिल्म रोककर दर्शकों ने खूब नारे लगाए और जमकर नाच गाना किया।
