मुजफ्फरपुर में XUV 500 कार धूं-धूं कर जली, परिवार के 6 लोग बाल-बाल बचे

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली चौक पर बुधवार की दोपहर यह घटना हुई। मुजफ्फरपुर शहर से पूसा की तरफ जा रही महिंद्रा एक्सयूवी 500 गाड़ी में अचानक आग लग गई। स्टीयरिंग के पास धुंआ और आग देख चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोका और गाड़ी में बैठे सभी लोगों को बाहर निकाला। एक ही परिवार के 6 लोग बाल-बाल बच गए।

गाड़ी में चालक चंद्रमणि के अलावा उनकी मां, चाची, पत्नी, भाई की पत्नी और दो छोटे बच्चे सवार थे। चंद्रमणि ने बताया कि वे लोग शहर में बीएमपी 6 के निकट रहते हैं। वहां से सभी घड़इया सावनी घड़ी पूजा करने मूल घर सकरा थाना क्षेत्र के बलुआ गांव जा रहे थे। इस बीच नरौली चौक के निकट गाड़ी में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि अगलगी में परिवार के किसी भी सदस्य को चोट नहीं पहुंची। गाड़ी से सभी लोगों को सही समय पर सुरक्षित उतार लिया गया। हालांकि, गाड़ी में रखा पूजा का सामान और कार पूरी तरह जल गई। गाड़ी का नंबर बीआर 06 बीएच 2525 बताया गया। एक्सयूवी 500 कार लगभग 8 साल पुरानी बताई जा रही है।

अग्निशमन यंत्र से नहीं बुझी आग

कार से सभी लोगों के उतरने के बाद आग को अग्निशमन यंत्र से बुझाने की कोशिश की गई। मगर यह प्रयास असफल रहा। अचानक पूरी कार में लपटें फैल गईं। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर कबाड़ बन गई। कार से आग की लपटें कई फीट ऊपर तक उठीं। हवा में काले धुएं का गुबार छा गया।

सड़क से गुजर रहे लोग भी इसे देख भयभीत हो गए। मौके पर भीड़ लग गई। गाड़ी में आग लगने से कुछ देर तक मार्ग पर अफरातफरी का माहौल रहा। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.