शतरंज प्रतियोगिता एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर, 19 अगस्त 2026। नॉर्थ प्वाइंट चिल्ड्रेन’s स्कूल में खेल-कूद एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 एवं 19 अगस्त 2026 को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में अंतरविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता (Chess Competition) का सफल आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता एवं रणनीतिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शतरंज प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के पी.टी. शिक्षक कुणाल गौतम, शिवम सिंह, अंकित राज, तुलसी एवं विभु कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार (जिला खेल पदाधिकारी),  हिमांशु कुमार (सेक्रेटरी, जिला शतरंज संघ) एवं आभास कुमार उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया गया। ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिदीपा मित्रा द्वारा संयुक्त रूप से सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिदीपा मित्रा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, ‘नशा मुक्त भारत’ जैसी पहल युवाओं को सही दिशा प्रदान करने में सहायक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से इस संकल्प को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, बौद्धिक विकास, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.