MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर पुलिस ने मीनापुर में शराब कारोबारी के घर छापेमारी कर भारी मात्रा में स्प्रिट जप्त करते हुये हथियार समेत सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी कार्यालय में जानकारी देते हुये वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मीनापुर थाना क्षेत्र के धारपुर गाँव में शराब कारोबारी रामबाबू सहनी के आवास पर घेराबन्दी कर छापेमारी की गई, जिसमें दो ड्रामों में रखे 400 लीटर स्प्रिट समेत 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा, 20 राउंड जिन्दा कारतूस बरामद किया गया। वहीं छापेमारी के दौरान शराब कारोबारी रामबाबू सहनी फरार हो गया।
पुलिस छापेमारी में एक टाटा 407 ट्रक में ड्राम में रखा 200 लीटर स्प्रिट, एक बिना नम्बर की मारुति ओमनी वैन में एक ड्राम में रखा 200 लीटर स्प्रिट, 1 हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल, 1 एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल समेत एक ट्रक और एक बिना नम्बर की मारूति ओमनी वैन जप्त कर लिया गया।
पुलिस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सिवाईपट्टी निवासी दीपक कुमार उर्फ मुन्ना और वजीर, मीनापुर थाना क्षेत्र के धारपुर निवासी आकाश कुमार व वकील कुमार, मीनापुर थाना के खेमाईपट्टी गाँव के रामसज्जन कुमार और अर्जुन कुमार और तरियानी थाना के कुण्डल निवासी आलोक कुमार के रूप में की गई है।
एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस जाँच कर विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है, और फरार शराब कारोबारी रामबाबू सहनी को गिरफ्तार करने के लिये छापेमारी कर रही है।
