पटना: पटना कोतवाली थाना पुलिस ने पटना जंक्शन के पास गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवती और कुछ युवकों को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है. पुलिस ने युवती के पास मौजूद हैंड बैग और शोल्डर बैग की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद हुई हैं.पुलिस के मुताबिक बैग की तलाशी लेने पर उसमें आधा दर्जन से अधिक ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं. इसके बाद पुलिस टीम ने शराब को जब्त कर लिया और युवती को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले आई. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है.

रुपये के लालच में शराब लाने का दावा
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार युवती की पहचान हो गयी है. संगीता (बदला हुआ नाम) पटना की रहने वाली बताई जा रही है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि एक परिचित युवक ने उसे रुपये देने का प्रलोभन देकर उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लाने के लिए तैयार किया था.

पहली बार तस्करी में शामिल होने का दावा
पुलिस पूछताछ में युवती ने दावा किया है कि वह इससे पहले अवैध शराब की तस्करी में शामिल नहीं रही है. वह आईएएस बनना चाहती है. उसका कहना है कि रुपये के लालच में आकर उसने पहली बार इस तरह का काम किया. पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है. साथ ही उस परिचित युवक की भूमिका और शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
ASP लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना जंक्शन के आसपास अवैध शराब की खेप पहुंचने वाली है. सूचना के आधार पर पुलिस की गश्ती टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की. इसी दौरान युवकों और युवती को संदेह के आधार पर रोका गया. पूछताछ और तलाशी के दौरान युवती के पास मौजूद दोनों बैग से अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं.

समस्तीपुर की घटना के बाद चर्चा में महिला तस्कर
हाल के दिनों में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर भी एक युवती को बड़ी मात्रा में ब्रांडेड शराब के साथ पकड़े जाने की घटना सामने आई थी. इस कार्रवाई से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था. अब पटना जंक्शन के पास युवती के शराब के साथ पकड़े जाने के बाद एक बार फिर महिला के जरिए शराब की तस्करी का मामला चर्चा में है.

बिहार में शराबबंदी
साल 2016 से बिहार में पूर्ण शराबबंदी है. बावजूद इसके प्रदेश में लगातार शराब की तस्करी हो रही है. अक्सर ही पुलिस के हाथों तस्कर गिरफ्तार होते हैं. बावजूद इसके यह काला धंधा कम होने का नाम नहीं ले रहा है.