श्री सिद्धिविनायक परिषद की ओर से गणेश उत्सव पर भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

मुजफ्फरपुर: शहर के छोटी कल्याणी स्थित माई स्थान परिसर में रविवार को श्री सिद्धिविनायक परिषद की ओर से गणेश उत्सव के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से शुरू हुए इस भंडारे में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

श्री सिद्धिविनायक परिषद द्वारा पिछले कई वर्षों से गणेश पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। परिषद से जुड़े नितेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2011 से स्थानीय लोगों और परिषद के सदस्यों के सहयोग से गणेश पूजा का आयोजन लगातार किया जा रहा है।

पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। गणेश उत्सव के दौरान कई दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और इसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है।

गणेश पूजा के लिए तैयार किए गए पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और खूबसूरत सजावट के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूजा-अर्चना के लिए आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

श्री सिद्धिविनायक परिषद के पुजारी आचार्य राजेंद्र प्रसाद झा ने बताया कि भगवान गणेश की पूजा समाज और देश के कल्याण की कामना के साथ की जाती है। उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य और स्थानीय लोग मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करते हैं। गणेश उत्सव के अवसर पर आयोजित भव्य भंडारे में हजारों लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।

भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार पहुंचती रही। स्थानीय लोगों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। परिषद के सदस्यों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना दिया।

आयोजन को सफल बनाने में रतन कुमार, नितेश कुमार, राहुल कुमार, गोपी कुमार, विकाश कुमार, सन्नी कुमार, अंकुश प्रजापति, विशाल, अंकित, आचार्य राजेंद्र प्रसाद, छोटू और आदित्य समेत परिषद के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.