बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, नदियों के उफान से बाढ़ का खतरा

पटना: बिहार में मानसून धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है, फिर भी कई इलाकों में बारिश का कहर जारी है. स्थानीय नमी और बादलों की वजह से कई जगहों पर हल्की से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि अधिकांश इलाकों में साफ मौसम रहने का अनुमान है.

12 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज समस्तीपुर, सिवान, सारण, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, शिवहर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर समेत 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं.

पटना सहित अन्य जिलों में सामान्य मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पटना समेत अन्य 26 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. दिन में धूप निकल सकती है और बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं. पटना में भारी बारिश की कोई आशंका नहीं जताई गई है.

नदियों में उफान और बाढ़ की स्थिति

साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में पहले ही बारिश हो चुकी है. नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण गंडक और कोसी नदियां उफान पर हैं. जिससे 17 जिलों के करीब आधा दर्जन गांव बाढ़ में डूब गए हैं और लगभग 500 घर जलमग्न हैं. गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. बेगूसराय में पिछले 24 घंटे में यह दो सेंटीमीटर ऊपर चढ़ा है और आगे और वृद्धि के आसार हैं.

मानसून की गतिविधियां पड़ रही कमजोर

सितंबर के अंतिम चरण में मानसून की सक्रियता कम होने लगी है. राज्य में बारिश का दायरा अब सीमित हो गया है. वातावरण में नमी और स्थानीय बादलों के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. तेज हवाओं से तापमान में हल्की गिरावट महसूस की जा सकती है.

राज्य में वर्षा सामान्य से कम

इस मानसून सीजन में बिहार में कुल बारिश सामान्य से काफी कम रही है. 27 सितंबर तक 975.8 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 677.9 मिलीमीटर ही दर्ज हुई है. यह सामान्य औसत से 31 प्रतिशत कम है. बीते एक दिन में 26 जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई. पश्चिम चंपारण में सबसे ज्यादा 78.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से कहीं अधिक है.

कैसा रहा रविवार का तापमान

रविवार को कैमूर सबसे गर्म जिला रहा जहां पारा 36.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. पूर्णिया में 33.5, दरभंगा में 32.2, पटना में 32, गया और भागलपुर में 31.6 तथा मुजफ्फरपुर में 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading