बड़ी खुशखबरी: बिहार में दो नए एयरपोर्ट, अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर के लिए 10 हजार करोड़ मिले

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में अजगैबीनाथ धाम एवं सोनपुर/सारण में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. बैठक में दोनों परियोजनाओं के टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट्स, ट्रैफिक सर्वे, मास्टर प्लान, भूमि अधिग्रहण, एयरपोर्ट क्षमता, कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

परियोजनाओं में प्रस्तावित निवेश

बैठक में जानकारी दी गई कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे के पहले चरण में 3500 करोड़ रुपये तथा सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल हवाईअड्डे के पहले चरण में 6500 करोड़ रुपये का निवेश पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर किया जाना है. राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण तथा कनेक्टिविटी से संबंधित लागत का वहन करेगी.

भूमि अधिग्रहण पर चर्चा और निर्देश

बिहार रैयती भूमि क्रय नीति, 2026 के तहत दोनों एयरपोर्ट परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक कार्यों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया.

अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट का मास्टर प्लान

अजगैबीनाथ धाम में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के मास्टर प्लान पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एयरपोर्ट की आधारभूत संरचना और रनवे का विकास इस प्रकार किया जाए कि बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके. उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी के साथ पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.

अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट से क्षेत्रीय लाभ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट से मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया और बेगूसराय सहित आसपास के जिलों को बेहतर हवाई सुविधा का लाभ मिलेगा. साथ ही श्रावणी मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन में भी सुविधा होगी.

सोनपुर/सारण एयरपोर्ट की समीक्षा

बैठक में सोनपुर/सारण एयरपोर्ट के मास्टर प्लान की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल विकसित किया जाए. उन्होंने कार्गो सुविधा उपलब्ध कराने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया.

समग्र निर्देश और उपस्थित अधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों एयरपोर्ट परियोजनाओं के विकास से हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading