पश्चिम चंपारण: पश्चिम चंपारण में गंडक की बाढ़ और चंपारण तटबंध टूटने के बाद सियासी हलचल भी तेज हो गई है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सोमवार को बगहा और वाल्मीकिनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। सड़क मार्ग से पहुंचे सांसद ने चखनी के खैरटवा में टूटे चंपारण तटबंध का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं।

दौरे के दौरान पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री और नगद सहायता भी वितरित की। उन्होंने लोगों से बातचीत कर बाढ़, तटबंध टूटने और राहत-बचाव कार्य से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। सांसद ने मौके पर मौजूद हालात को लेकर सरकार और जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।




इधर, तटबंध टूटने के समय मौके पर मौजूद संवेदक के एक सहयोगी ने भी घटना को लेकर अपनी आपबीती सुनाई। उसके बयान के बाद तटबंध की निगरानी और समय रहते मरम्मत को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं। हालांकि, लापरवाही के आरोपों पर संबंधित विभाग और अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।अब निगाहें इस बात पर हैं कि चंपारण तटबंध टूटने की घटना की प्रशासनिक जांच में क्या सामने आता है और बाढ़ प्रभावित लोगों की राहत, मुआवजा तथा पुनर्वास को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है।