बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति का दायित्व संभालने पर वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद के पूर्व उपसभापति डॉ (प्रो) राम बचन राय को ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के मंत्री तथा जनता दल (यू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बधाई दी है। मंत्री ने मंगलवार को सभापति के कार्यालय कक्ष में जाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन करने के साथ ही उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर मंत्री कुमार ने कहा कि राम बचन राय अतिपिछड़ा समाज से आथे हैं। वे बिहार विधान परिषद में इस समाज से सभापति बनने वाले दूसरे व्यक्ति हैं। इससे लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि राय के पास राजनीतिक, शैक्षणिक और विधायी कार्यों का लंबा अनुभव है। उनका उच्च सदन के महत्वपूर्ण पद पर आसीन होना बिहार में संसदीय जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
डॉ. राय वर्ष 2021 में राज्यपाल कोटे से बिहार विधान परिषद के सदस्य बने। इससे पहले वे विधान परिषद में कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। वर्ष 2015 में उन्हें विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल का उपनेता बनाया गया। जुलाई 2024 से वे लगातार बिहार विधान परिषद के उपसभापति के रूप में कार्य कर रहे थे। इस लंबे विधायी अनुभव के दौरान उन्हें सदन की कार्यवाही, संसदीय परंपराओं और नियमों की गहरी समझ हासिल हुई है। राम बचन राय की पहचान सिर्फ एक अनुभवी राजनेता के रूप में ही नहीं, बल्कि शिक्षाविद् और साहित्य के अध्येता के रूप में भी रही है। वे पटना विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। साहित्य और सामाजिक सरोकारों से उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा है।
श्रवण कुमार ने कहा कि उच्च शिक्षा, साहित्य और संसदीय कार्यों का व्यापक अनुभव रखने वाले राय के नेतृत्व में विधान परिषद की कार्यवाही को नई दिशा मिलेगी और उनके लंबे अनुभव का लाभ सभी को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे सदन की गरिमा, संसदीय मर्यादा और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। श्रवण कुमार ने श्री राम बचन राय को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव एवं एमएलसी श्री ललन प्रसाद भी उपस्थित रहे।