भाभी को सांप ने डंसा तो देवर ने दिखाई दबंगई, 20 KM तक हाथ में जिंदा सांप लेकर पहुंचा अस्पताल, मचा हड़कंप

नवादा: नवादा जिले से एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव में सात माह की गर्भवती महिला को सांप ने डंस लिया। महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे उसके देवर ने सांप को पकड़ लिया और फिर जो किया, उसे देखकर हर कोई दंग रह गया। युवक करीब 20 किलोमीटर तक हाथ में जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंच गया।

घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। सिरपतिया गांव निवासी रजनी देवी घर में बैठी थीं। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। सांप को देखते ही महिला घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान रजनी देवी का देवर पप्पू कुमार भी वहां पहुंच गया।महिला को सांप के डंसने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच पप्पू कुमार ने सांप को पकड़ लिया। इसके बाद परिवार के लोग रजनी देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन पप्पू ने सांप को छोड़ने के बजाय उसे अपने हाथ में ही पकड़े रखा।

बताया जा रहा है कि वह करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर नवादा अस्पताल पहुंचा। अस्पताल में हाथ में जिंदा सांप पकड़े युवक को देखकर वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच खलबली मच गई। कुछ देर के लिए लोगों की नजरें पप्पू के हाथ में मौजूद सांप पर टिक गईं। हालांकि युवक बेखौफ अंदाज में सांप को पकड़े रहा और उसकी प्राथमिकता अपनी गर्भवती भाभी का इलाज कराना था।

अस्पताल पहुंचने के बाद रजनी देवी का चिकित्सकों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सात माह की गर्भवती होने के कारण डॉक्टर महिला की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।वहीं, पप्पू कुमार ने डॉक्टरों को वह सांप भी दिखाया, जिसने उसकी भाभी को डंसा था। बाद में उसने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित रखा। बताया गया कि वह सांप को किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात कह रहा था।

एक तरफ गर्भवती महिला को सांप के डंसने से परिवार में दहशत का माहौल था, तो दूसरी तरफ देवर का जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंचना पूरे इलाके में चर्चा का सबब बन गया। अस्पताल में मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी हैरत से कम नहीं था।हालांकि सांप को हाथ से पकड़ना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।

सांप के दोबारा काटने का खतरा बना रहता है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ आम तौर पर सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय पीड़ित को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की सलाह देते हैं। इस मामले में फिलहाल रजनी देवी का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading