मुजफ्फरपुर. मुजफ्फरपुर के हत्था ओपी के बैंगरी गांव में अपने घर में सोए 65 वर्षीय जैनुल हक की भूमि विवाद को लेकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में उसके बड़े लड़के मो. कुरैशी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इससे पूर्व घटना की सूचना पर पहुंची पियर और हत्था ओपी पुलिस ने मामले की छानबीन की।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं होता देख लोगों ने सड़क जाम कर दिया और डॉग स्क्वॉयड टीम को बुलाने की मांग करने लगे। प्रशासन द्वारा डॉग स्क्वॉयड टीम को बुलाकर मामले की जांच कराई गई, लेकिन इससे भी कारण स्पष्ट नहीं हो सका। घटना से गांव में दहशत का माहौल हो गया।
बताया गया कि मो.जैनुल हक और उसकी पत्नी अलग अलग कमरे में सोए थे। रविवार सुबह पत्नी ने पति को जगाया तो वह मृत पड़ा था। हत्था ओपी अध्यक्ष पीके समर्थ ने बताया कि मृतक के सिर पर तेज हथियार से जख्म का निशान थे। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
पुलिस को दिए आवेदन में जैनुल हक के छोटे बेटे नजरे आलम ने अपने बड़े भाई समेत अज्ञात पर भूमि विवाद को लेकर पिता की हत्या का आरोप लगाया है।