मुंबई : दिवंगत राजकपूर की पत्नी कृष्णा राजकपूर को सोमवार को भावभीनी विदाई दी गई जिसमें हिंदी फिल्म जगत के लगभग सभी बड़े कलाकारों ने अंतिम श्रद्धांजलि दी. 87 वर्षीया कृष्णा राज का सोमवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. उनके शव को चेम्बुर में उनके आर. के. बंगला पर दिन भर दर्शन के लिए रखा गया था और चेंबुर शवदाह गृह के लिए एक एंबुलेंस में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें उनकी तस्वीर लगी हुई थी. उनका अंतिम संस्कार करीब 40 मिनट तक सिख और हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक किया गया.
उनके बेटे रणधीर और राजीव ने परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया. उनकी पौत्री करीना और रिद्धिमा, बेटी रीमा जैन, पौत्र अरमान और अदार तथा शशि कपूर के बेटे भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे.