बीजद के सांसद लाडू किशोर स्वैन को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा दिनभर के लिए स्थगित

बीजू जनता दल  (बीजद)के सांसद लाडू किशोर स्वैन  का बुधवार को निधन हो गया,  स्वैन को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई, वह 71 वर्ष के थे। वह किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे।

लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने के बाद स्पीकर सुमित्रा महाजन ने स्वैन के निधन की जानकारी सदन को दी। इसके बाद सदस्यों ने कुछ पल का मौन रखकर अपने दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्य़वाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

वहीं अलग-अलग मुद्दों पर कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से उच्च सदन में आज भी शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।सुबह 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।

उन्होंने सदन को सूचित किया कि उन्हें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सपा के रामगोपाल यादव, राजद के मनोज झा, कांग्रेस के रिपुन बोरा सहित पांच सदस्यों के नोटिस मिले हैं।

सपा सदस्यों ने उच्च शिक्षण संस्थाओं में आरक्षण संबंधी रोस्टर प्रणाली का मुद्दा उठाया। सभापति ने सपा सदस्यों से कहा कि उनकी बात रिकॉर्ड में नहीं जाएगी। कांग्रेस के रिपुन बोरा ने नागरिकता (संशोधन) विधेयक का मुद्दा उठाया। पार्टी के सदस्यों ने उनकी बात का समर्थन किया।

सभापति ने सदस्यों से शांत रहने और सदन की बैठक चलने देने का अनुरोध किया। लेकिन हंगामा थमते न देख उन्होंने 11 बज कर करीब छह मिनट पर ही बैठक को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।इससे पहले उन्होंने सदन को सूचित किया कि सपा के बेनी प्रसाद वर्मा और केरल कांग्रेस के जोस के मणि ने वर्तमान सत्र से अवकाश मांगा है। सदन की अनुमति से उन्होंने दोनों सदस्यों को अवकाश की मंजूरी दे दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.