मुर्दाबाद के नारे आरएसएस और भाजपा के लोग लगाते हैं : राहुल गाँधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को ओडिशा में एक सभा को संबोधित कर रहे थे कि तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के लिए मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर राहुल ने कार्यकर्ताओं को रोकते हुए कहा कि ये कांग्रेस का काम नहीं है।

मुर्दाबाद के नारे आरएसएस और भाजपा के लोग लगाते हैं, हम प्यार से काम करते हैं। राहुल ने आगे कहा कि हम लोगों को जोड़ने का काम करते हैं और हम प्यार से इन लोगों को हराएंगे।

मुर्दाबाद हम नहीं कहने वाले। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर आदिवासियों की जमीन छीनने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी जनजातीय समुदाय के अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जो दलितों की जमीनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हम ओडिशा में और कहीं भी आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करेंगे। यह 10 दिन के अंदर राहुल गांधी का दूसरा ओडिशा दौरा है जहां विधानसभा और लोकसभा चुनाव साथ में होने हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने अपने वादे के बावजूद किसानों को उनके उत्पाद के उचित दाम नहीं दिलाए।

नवीन पटनायक ने ओडिशा में किसानों के फायदे के लिए काम नहीं किया। गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्ता में आने के दो दिन के भीतर इन राज्यों में कांग्रेस की सरकारों ने कृषि ऋण माफ कर दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि ‘चौकीदार भ्रष्ट है’। उन्होंने नवीन पटनायक पर चिटफंड घोटालों के लिए रिमोट से चलने का आरोप भी लगाया।

गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने फैसला किया है कि अगर भूमि अधिग्रहण के पांच साल के अंदर परियोजना शुरू नहीं हो पाती तो उद्योग लगाने के लिए ली गयी जमीनें किसानों को लौटा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.