
भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल(बीजद) के कांग्रेस के साथ करीबी रिश्ते होने का दावा किया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के उस आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि ओडिशा की, सत्तारूढ़ पार्टी बीजद और कांग्रेस के बेहद करीबी रिश्ते हैं, जिनके कारण हमेशा से ही राज्य नजरअंदाज होता आया है।
प्रधान ने कहा कि ओडिशा के लोग पहले से ही जानते हैं कि कांग्रेस ने ओडिशा को कैसे नजरअंदाज किया है और वे कांग्रेस पार्टी के असली चरित्र से भी अवगत हैं।

इसी दौरान प्रधान ने पटनायक, गांधी और अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे के कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल के बीच संबंधों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लगे हाथों टीएमसी भी धावा बोला और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चिट फंड घोटाले के आरोपी को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का रिमोट कंट्रोल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि मोदी दिल्ली से पटनायक सरकार को नियंत्रित कर रहे हैं।

इसी के जवाब में प्रधान ने कहा कि गांधी के परिवार ने चार दशक से भी ज्यादा समय तक भारत पर शासन किया। उनकी पार्टी लंबे समय तक ओडिशा में भी सत्ता में रही, लेकिन फिर भी उन्होंने राज्य के लिए कुछ नहीं किया।
