मुंबई देश की सरकार को सबसे ज्यादा कमा कर देने वाला शहर है। जो मुंबई में रहते हैं और बीईएसटी की बसों या लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं, वह ये भी जानते हैं कि मुंबई देश का सबसे गंदा शहर भी है। विरार के चर्चगेट और कल्याण से छत्रपति शिवाजी टर्निमस के बीच फैली रेल की पटरियों के दोनों तरफ का इलाका खुले में शौच से मुक्ति के लिए चल रहे सरकारी अभियानों के मुंह पर तमाचा है।

और, ऐसी ही एक बस्ती से निकला कन्हैया अपनी मां के साथ हुए हादसे को लेकर पहुंच गया है दिल्ली। सीधे प्रधानमंत्री से अपने मन की बात कहने। राकेश ओम प्रकाश मेहरा की नई फिल्म मेरे प्यारे प्राइम मिनिस्टर का ट्रेलर भरत व्यास के कंपोज किए 1959 में रिलीज हुई फिल्म नवरंग के गाने के बहाने हमें उस दौर का क्लू भी देता है। जब राज कपूर ने अब दिल्ली दूर नहीं बनाकर ये संदेश दिया था कि जब सरकारें बच्चों तक नहीं पहुंच पाती हैं तो बच्चे सरकार के दरवाजे तक पहुंच जाते हैं।

फिल्म में कोई बड़ा सितारा नहीं है, कोई नामचीन चेहरा नहीं है, ट्रेलर आपको पिछले साल रिलीज हुई फिल्म हल्का की याद भी दिला सकती है।
लेकिन, टॉयलेट एक प्रेम कथा और हलका जैसी फिल्में अगर आज के फिल्मकार बना रहे हैं, तो ये हिंदी सिनेमा में और साथ ही साथ इसके दर्शकों में आ रहे एक बड़े बदलाव की निशानी भी है।
