ममता बनर्जी और योगी आदित्यनाथ के बीच छिड़ा संग्राम

पश्चिम बंगाल में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आखिरकार रैली को संबोधित करने पहुंच ही गए। ममता सरकार ने उनका हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया तो योगी आदित्यनाथ ने दूसरा रास्ता निकाल लिया। वह भाजपा शासन वाले राज्य झारखंड के बोकारो में हेलीकॉप्टर से उतरे और फिर सड़क मार्ग से पुरुलिया पहुंच गए। इस दौरान ममता बनर्जी और योगी आदित्यनाथ के बीच खूब तकरार हुई।

योगी आदित्यनाथ की रैली शुरू होने से पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के पश्चिम बंगाल की यात्रा करने में कोई परेशानी नहीं है लेकिन आदित्यनाथ को दूसरे राज्य के बारे में सोचने से पहले अपने राज्य की सुध लेनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि योगी से पहले उत्तर प्रदेश का ध्यान रखने को कहें।

ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यूपी में कई लोग मारे गए हैं, यहां तक कि पुलिस की भी हत्या हुई है, कई लोग भीड़ हिंसा का शिकार हुए हैं। यदि वह चुनाव लड़ते हैं तो खुद हार जाएंगे। उनके पास उत्तर प्रदेश में खड़े रहने के लिए कोई स्थान नहीं है इसी वजह से वह बंगाल में घूम रहे हैं।

ममता बनर्जी के वार के बाद योगी आदित्यनाथ ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पश्चिम बंगाल में भारी हिंसा हुई थी। सैकड़ों लोग मारे गए थे लेकिन उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में कोई हिंसा नहीं हुई।

राजनीतिक हिंसा में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करवाने वाली, गरीबों को लूटने वाले भ्रष्टाचारी लोगों के साथ खड़े होने वाली और अराजकता की भेंट चढ़े पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई हैं।

सीएम योगी ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आयी है तब से कोई दंगा नहीं हुआ। कोई मॉब लिंचिंग नहीं हुई। कोई राजनीतिक हिंसा में हत्या नहीं हो रही है। मोदी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई यात्रा पर निकल चुका है। इसलिए आप उत्तर प्रदेश की चिंता छोड़िए और बंगाल पर ध्यान दीजिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.