प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर भी फिल्म बनने जा रही है। बीते दिनों फिल्म का पहला पोस्टर लॉन्च किया गया था। एक्टर विवेक ओबेरॉय पीएम मोदी का किरदार निभाएंगे। पोस्टर में विवेक ओबेरॉय हूबहू पीएम की तरह ही दिख रहे हैं। मुख्य किरदार के बाद अब फिल्म के दूसरे किरादारों पर भी चर्चा तेज हो गई है।
दर्शकों के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई है कि कौन से कलाकार किस रूप में दिखेंगे। पिछले दिनों हमने आपको बताया था कि पीएम मोदी की पत्नी जसोदा बेन के रोल के लिए एक्ट्रेस बरखा बिष्ट को साइन किया गया है। इस रोल के लिए बरखा ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। जसोदाबेन के बाद अब जिस शख्स की सबसे ज्यादा चर्चा है वो हैं पीएम के करीबी अमित शाह।

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को पार्टी का चाणक्य कहा जाता है। ऐसा मानना है कि पार्टी से जुड़ी रणनीतियां बनाने में उनका सबसे बड़ा योगदान होता है। ऐसे में अब खुलासा हो गया है कि आखिर पर्दे पर कौन ये किरदार निभाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी के सबसे करीबी लोगों में से एक अमित शाह का किरदार अभिनेता मनोज जोशी निभाएंगे। मनोज जोशी की गिनती बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में होती है जो हर किरदार में बखूबी ढल जाते हैं। बता दें कि मनोज जोशी को आपने गोलमाल, भागमभाग, दबंग 2, भूलभलैया और गुरु जैसी फिल्मों में देखा है।

साल 2018 में मनोज को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। अपने किरदार के बारे में जानकारी देते हुए मनोज जोशी ने कहा कि ‘मुझे खुशी है कि इस किरदार को निभाने के लिए मुझे अप्रोच किया गया है।जब प्रोड्यूसर संदीप सिंह ने मुझे इस रोल के लिए ऑफर किया तो मैंने एक सेकेंड में हां कर दी। मेरी जिंदगी का ये सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रोल होगा।’
