पुलवामा अटैक/ सौराष्ट्र के दो सौ ट्रैवल एजेंट्स ने पांच साल तक कश्मीर टूर की टिकट बुक न करने का लिया फैसला

पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में लिया फैसला, निर्णय से व्यापार पर पड़ेगा तीन सौ करोड़ रुपये का असर, हर महीने 80 से 100 यात्री बुक कराते थे कश्मीर टूर, सौराष्ट्र ट्रैवल एजेंट्स ने पैकेज से कश्मीर शब्द भी हटाया

पुलवामा में सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) पर हुए आतंकी हमले के बाद से देशभर में पाकिस्तान विरोध की लहर उठी हुई है। लोग अलग-अलग तरीकों से इस घटना का विरोध दर्शा रहे हैं। इसी कड़ी में सौराष्ट्र के दो सौ ट्रैवल एजेंट्स ने पांच साल तक कश्मीर टूर की एक भी टिकट बुक न करने का फैसला लिया है।

सौराष्ट्र ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के सेक्रेटरी अभिनव पटेल ने कहा कि देशहित को लेकर यह फैसला लिया गया है। पटेल ने कहा कि जब तक आतंकी हमले बंद नहीं होते, तब तक कश्मीर का एक भी टूर नहीं होगा।

पटेल का कहना है कि इस निर्णय से व्यापार पर करीब तीन सौ करोड़ रुपये की चोट पहुंचेगी, लेकिन देश की सुरक्षा के आगे यह घाटा कुछ भी मायने नहीं रखता। ट्रैवल एजेंट्स ने कश्मीर टूर पर रोक तो लगाई ही है अपने पैकेज से कश्मीर शब्द ही हटा दिया है।

इसके साथ ही निर्णय लिया गया है कि यदि किसी पैकेज में कश्मीर का टिकट फ्री हो तो उसे भी अस्वीकार कर दिया जाएगा।

सौराष्ट्र ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के सेक्रेटरी अभिनव पटेल

सौराष्ट्र के ट्रैवल एजेंट्स के इस निर्णय के बाद से कश्मीरी ट्रैवल एजेंट्स की सांसें हलक में अटक गई हैं। पटेल ने बताया कि कश्मीरी ट्रैवल एजेंट्स ने ऐसा न करने की गुहार लगाई है। इसके साथ ही एजेंट्स को कई तरह के लालच देने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा की गारंटी भी दी, लेकिन सौराष्ट्र के एजेंट्स ने उनकी इस गुहार को पूरी तरह से नकार दिया है।

इस देश के एक-एक जवान की जिंदगी अमूल्य है। उनसे देश का भविष्य उज्जवल है। हम पर जब भी मुसीबत आएगी, देश का सैनिक हमारे साथ होगा। आज समय है कि हम सैनिकों के साथ खड़े हों। जब तक आतंकी हमले बंद नहीं होते, तब तक एक भी टूर कश्मीर का नहीं होगा। इस तरह का निर्णय भी एक तरह की देशभक्ति ही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading