भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को तमिलनाडु में कांग्रेस- द्रमुक गठबंधन पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार के मामले में बराबर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के हर कोने में विकास करना चाहते हैं। भाजपा और एनडीए शासन के मामले में समान है। अमित शाह तमिलनाडु के रामनाथपुरम में भाषण दे रहे थे।
उन्होंने अपने भाषण में जहां पार्टी के विकास कार्यों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस और द्रमुक पर भी निशाना साधा। तमिलनाडु में कांग्रेस और द्रमुक गठबंधन में हैं। द्रमुक जहां आने वाले लोकसभा चुनाव में 20 सीटों पर लड़ेगी, वहीं कांग्रेस 9 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। सूबे में कुल 39 सीटें हैं।

अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा सूबे का विकास करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूबे के हर कोने का विकास करना चाहते हैं। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलवामा में हुए आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा था।
राहुल ने ट्वीट के जरिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि शहीदों के घर दर्द का दरिया उमड़ रहा था और प्रधानमंत्री शूटिंग में व्यस्त थे। आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तमिलनाडु में भाजपा ने एआईडीएमके के साथ गठबंधन किया है। भाजपा सूबे में 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं एआईडीएमके 27 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
