
MUZAFFARPUR (ARUN) : मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में गुप्त सुचना के आधार पर मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई में बड़ी कामयाबी मिली है. मुजफ्फरपुर पुलिस की चार थानों की पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गयी कार्रवाई में शराब बनाने के अड्डे का भंडाफोड़ कर, एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए 17000 लीटर अवैध विदेशी शराब जप्त कर लिया.

जानकारी के अनुसार सरैया सीडीपीओ को गुप्त सुचना मिली की पारू थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर दियारा एरिया में अवैध विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का बड़े पैमाने पर संचालन किया जा रहा है. सूचना प्राप्त होते ही वरीय पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी गयी. वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में पारू, करजा, देवरिया और जैतपुर ओपी अध्यक्ष समेत पुलिस बल को शामिल करते हुए उक्त स्थल पर छापेमारी की गयी.

पारू थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर गाँव में बांध से सटे लगभग 4 किलोमीटर अंदर छापेमारी करने गयी टीम उस वक्त भौंचक रह गयी जब उन्होंने लगभग एक किलोमीटर के दायरे में बजाप्ता नकली शराब बनाने का प्लांट लगा हुआ देखा. पुलिस ने अवैध शराब फैक्ट्री से शराब की खाली बोतलें, रैपर, पैकिंग मशीन, नकली सरकारी थ्री डी सील, ढक्कन, सप्लाई हेतु सीलबंद बोतलों में तैयार शराब समेत ड्रामो में रखे 17 हजार नकली शराब बरामद किया. छापेमारी करने गयी पुलिस ने कई जगह गड्ढे खुदे देखे, जो शराब को छुपाने के लिए खोदे गए थे. जिसे देख कर प्रशासन ने जेसीबी मंगा कर जगह-जगह खुदाई करवा कर इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की. पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो उक्त फैक्ट्री का रखवाला बताया जाता है. छापेमारी की सूचना पाकर शराब फैक्ट्री का संचालक और अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे.

एसडीपीओ डॉ. शंकर झा के अनुसार उक्त शराब फैक्ट्री पारू थाना क्षेत्रांतर्गत पंडाह गाँव निवासी संदीप सिंह का है, जो कई वर्षों से अवैध शराब के धंधे में लिप्त है, साथ ही उसपर सरैया, पारू समेत कई थानों में मामले दर्ज है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध शराब के कारोबार में संदीप सिंह का नेटवर्क काफी बड़ा है. और इस कार्य में उसके पुरे परिवार की भी संलिप्त बताई जाती है. जानकारी के अनुसार संदीप सिंह ने अवैध कमाई से उसने काफी रुपये-संपत्ति भी अर्जित की है. शराब तस्करी, अवैध शराब की फैक्ट्री चलाने के साथ ही उस पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. इतने बड़े पैमाने पर पुलिस प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर व विगत कई वर्षों से अवैध शराब की फैक्ट्री चला रहा था. दियारा क्षेत्र होने के कारण आमलोगों की आवाजाही ना के बराबर होने से शराब फैक्टरी में कार्य बदस्तूर जारी था, जिसकी भनक अब तक तो न प्रशासन को लग सकी थी न ही आम लोगो को.

जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में सरैया में पुलिस द्वारा कन्टेनर भरी शराब जप्त की गयी थी जिसमे संदीप सिंह नामजद आरोपी है, और जेल की हवा खा चुका है. उस मामले में छानबीन के दौरान पटना के एक व्यवसायी का नाम प्रकाश में आया था, जो अवैध शराब की खेप मंगाने के लिए संदीप सिंह को फंडिंग की व्यवस्था करता था और संदीप सिंह का सहयोगी और करीबी बताया जाता है. गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर पटना से 60 लाख रुपयों के साथ उसकी गिरफ़्तारी की गयी थी. साथ ही एक और मामला जो संदीप सिंह के भाई संजीव सिंह से जुड़ा बताया जाता है, जो जून 2017 का है. वैशाली में अवैध शराब के साथ संदीप के भाई संजीव सिंह को एक चौकीदार ने पकड़ लिया था, जिस दौरान उक्त चौकीदार की हत्या कर दी गयी थी.
