सासाराम. बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के सुनील कुमार यादव ने शनिवार सुबह अपने पड़ोसी के परिवार पर हमला कर दिया।
उसने टांगी (धारदार हथियार) से महिलाओं और बच्चों समेत पांच लोगों को काट दिया, जिससे दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे बच्चे
जमिंदार यादव और ओम प्रकाश यादव के बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी सुनील टांगी लिए घर में घुस आया।
सुनील ने तीन बच्चों को काट दिया। बच्चों को बचाने आई महिलाओं पर भी उसने हमला कर दिया। वारदात के बाद सुनील फरार हो गया है।
हिरासत में लिए गए तीन लोग
घटना में तीन साल के छोटू कुमार, चार साल के गोलू कुमार और 40 साल की लालसा देवी की मौत हो गई।
40 साल की सुनीता देवी और पांच साल की आरती कुमारी घायल हैं। दोनों का इलाज सासाराम सदर हॉस्पिटल में किया जा रहा है।
मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सुनील की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सासाराम भेजा है। घटना का कारण पारिवारिक दुश्मनी बताई जा रही है।