
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में दो लक्जरी वाहनों में रखे भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद करते हुये उक्त दोनों वाहनों को पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया। हालांकि पुलिस को चकमा देकर कारोबारी फरार होने में सफल रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि होली पर्व के मद्देनजर भंडारण के उद्देश्य से शराब तस्कर अवैध शराब की खेप लेकर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही मीनापुर पुलिस द्वारा वरीय अधिकारियों को सूचित कर पुलिस बल के साथ तलाश में जुट गई।

मीनापुर के धरमपुर छपरा चौक के पास पुलिस को सफेद रंग की दो लक्जरी वाहन ह्यूण्डई आई 20 और ह्यूण्डई एस्सेंट गाडी़ आती दिखी जो पुलिसकर्मियों को देखते ही भागने लगे। इस बीच मीनापुर पुलिस द्वारा उसे खदेडा गया। कोई रास्ता न देख दोनों वाहनों के चालक कार छोड़कर निकल भागे। पुलिस ने दोनों कारों को जप्त कर लिया। वाहनो की तलाशी के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गये। पूरी कार विदेशी शराब की बोतलों से भरी थी। थाने लाकर उक्त दोनों वाहनों से हरियाणा निर्मित अलग-अलग ब्राण्डों के 750 एमएल के 205 बोतल, 375 एमएल के 179 बोतल और 180 एमएल के 416 बोतल शराब बरामद की गई।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 800 अवैध विदेशी शराब की बोतलें बरामदगी के साथ ही जप्त दोनों कारों के रजिस्ट्रेशन नम्बर की पड़ताल डीटीओ कार्यालय से सम्पर्क कर की जा रही है कि उक्त दोनों जप्त कार किसकी है, और किसके कहने पर शराब की इतनी बड़ी खेप कहाँ ले जायी जा रही थी। वरीय अधिकारियों को सूचित कर मीनापुर पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।