
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र के काज़ी इण्डा चौक के समीप एक युवक की गला घोंट कर हत्या कर गई. मृतक के परिजनों ने तीन व्यक्तियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुये पुलिस पर लीपापोती करने का भी आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार काज़ी इण्डा चौक के समीप एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में दहशत फ़ैल गयी. शव के गले पर फंदा के निशान पाए गए है, जिससे प्रतीत होता है की संभवतः हत्या गले में फंदा डाल कर की गयी है. मृतक की पहचान 23 वर्षीय कुणाल ठाकुर के रूप में की गई है.

कुणाल के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा की उनका ज़मीनी विवाद रिश्तेदारों से चल रहा था जिसमे रंजिश के तहत उनके पुत्र को मौत के घाट उतार घटना को अंजाम दिया गया. परिजनों ने बताया की उन्होंने मनियारी थाना को इसकी जानकारी पूर्व में ही दे दी गयी थी, बावजूद पुलिस द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिए जाने का परिणाम उनके पुत्र की हत्या के रूप में सामने आया. जवान बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं हत्या मामले में आरोपित मृतक के चाचा मन्टु ठाकुर को हिरासत में लेते हुए पुलिस पूछताछ कर रही है.
जहां एक ओर अपराध नियंत्रण के लाख दावे किये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में लगभग नित्य दिन ही एक लाश की बरामदगी हो रही है. गौरतलब हो की मुख्यालय द्वारा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रत्येक जिला के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भी भ्रमणशील रहने और थानों व थाना की गश्ती का औचक निरीक्षण करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं, बावजूद जिले में प्रतिदिन शव का मिलना पुलिस की गश्ती, सतर्कता और मुस्तैदी पर कई सवाल खड़े करता है. और इस मामले में तो परिजनों का आरोप है की सम्बंधित थाना को पूर्व में सूचित किया जा चुका था. अगर यह बात सत्य है तो पुलिस की लापरवाही और टाल-मटोल वाली कार्यशैली संदेह के घेरे में प्रतीत होती है.