
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में आज अपराधियों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुये दो व्यक्तियों की हत्या कर दी और वहीं एक को गंभीर स्थिति देखते हुये पटना रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार देर रात्रि अहियापुर थाना क्षेत्र में स्मार्ट पुलिसिंग को मुंह चिढाते हुये बेखौफ अपराधियों ने एक घंटे के अंदर ताबड़तोड़ दो घटनाओं को अंजाम दे दिया। अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुये संगमघाट पुल पर एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी, अभी उसकी जाँच पूरी भी नहीं हुई थी कि एक घंटे के अंदर ही शाहबाजपुर में एक अन्य व्यक्ति की लूट के दौरान गोली मार कर गंभीर रुप से घायल कर दिये जाने की सूचना मिली। इससे पूर्व मनियारी थाना क्षेत्र के काजी इण्डा चौक के समीप एक 23 वर्षीय युवक कुणाल ठाकुर का शव बरामद किया गया था, जिसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गयी थी।

प्राप्त सूचनानुसार शुक्रवार देर रात अहियापुर के संगमघाट पुल के पास एनएच पर लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दिये जाने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार और सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह द्वारा जाँच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम हेतु एसकेएमसीएच भेज दिया गया। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिला के बेलसंड अस्पताल के हेल्थ मैनेजर श्रीनिवास जी के रुप में की गई है।

एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है कि लूट के दौरान हत्या की घटना को अंजाम दिया गया या इरादतन हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों ही बिन्दु पर पुलिस परिजनों से सम्पर्क साध कर जाँच कर रही है।
इस बीच दूसरी घटना में अहियापुर के शाहबाजपुर में राघोपुर न्यू कॉलोनी के पास अज्ञात हमलावरों द्वारा लूटपाट के दौरान सोनू कुमार को गोली मार देने की सूचना मिली। आनन-फानन में घायल सोनू कुमार को इलाज हेतु एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुये डाॅक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को एक मोटरसाइकिल के साथ मौके से गिरफ्तार किया है, जिससे सघन रूप से पूछताछ की जा रही है।

एक ही थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ दो आपराधिक घटनाओं पर तिरहुत प्रमंडल के जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने संज्ञान लेते हुये एसएसपी और सिटी एसपी को निर्देश दिया कि अहियापुर थाना क्षेत्र में कैम्प कर मामले की जाँच करें। साथ ही अहियापुर थाना के पेट्रोलिंग प्रणाली की समीक्षा कर जाँच प्रतिवेदन समर्पित करते हुये विशेष अभियान चलाकर अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।

अपराध के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना चुका अहियापुर थाना क्षेत्र में औसतन रोजाना ही दो-चार अपराध की घटना होती रहती है। आज फिर से एक घंटे के अंदर ताबड़तोड़ दो घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने यह साबित कर दिया कि पुलिस गश्ती, नाकेबंदी कर जाँच व वाहन चेकिंग और शहरी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण का कोई फायदा नहीं।

गौरतलब है कि अहियापुर के संगमघाट पुल व हाईवे के सुनसान स्थान के आसपास हाल के दिनों में कई आपराधिक घटनाये घट चुकी हैं।दो घटना के घटित होने के उपरांत मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने नरेन्द्र कुमार की अहियापुर थाना में अपर थानाध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही झपहाँ में एक पुलिस पीकेट की स्थापना करने की घोषणा करते हुये बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र में होनेवाली इस तरह की घटनाओं पर काबू पाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब हो की मुख्यालय द्वारा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रत्येक जिला के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भी भ्रमणशील रहने और थानों व थाना की गश्ती का औचक निरीक्षण करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं, बावजूद जिले में प्रतिदिन आपराधिक घटनायें पुलिस की गश्ती, सतर्कता और मुस्तैदी पर कई सवाल खड़े करती है.

विदित हो कि वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा अर्द्धरात्रि में वेष बदल कर आम नागरिक की तरह पुलिस बस सेवा का औचक निरीक्षण करने के साथ ही अश्व मोबाईल का भी मुआयना किया गया था साथ ही जिले के एसएसपी व पुलिसकर्मियों को डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय व जोनल आईजी उनके उत्कृष्ट कार्य व उपलब्धियों पर सम्मानित भी कर चुके हैं।