भाजपा की विजय संकल्प मोटरसाईकिल रैली का मध्य प्रदेश के उमरिया से शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान जैसे देश का इलाज केवल प्रधानमंत्री मोदी ही कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के गौरव को आसमान पर ले जाने का काम, देश की सुरक्षा का काम और पाकिस्तान को मुहंतोड़ जवाब देने का काम केवल मोदीजी ही कर सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव का मुद्दा देश को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाना होना चाहिए।
चुनाव का मुद्दा देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए होना चाहिए। कांग्रेस में आतंकवाद को जवाब देने का कभी जज्बा नहीं रहा। कांग्रेस में देश के जवानों के खून का बदला लेने की कभी हिम्मत नहीं रही। कांग्रेस में पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने की कभी हिम्मत नहीं रही।

पाकिस्तान पर पिछले चार दिन बहुत भारी रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी और उनके 21 दलों की प्रेस कॉन्फेंस के बाद पाकिस्तान को खुश होने का मौका मिला। ममता बनर्जी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि आजकल विपक्ष के नेता एयर स्ट्राइक पर सवाल उठा रहे हैं।
मैं इनसे पूछना चाहता हूं कि आप भी बहुत समय तक सत्ता में रहे हैं। 1990 से ये देश आतंकवाद से पीड़ित रहा है, लेकिन क्या कभी इन्होंने आतंकवादियों को जवाब देने का हौंसला दिखाया?
अमित शाह ने कहा कि ठगबंधन वाली सारी पार्टियां जाति, धनबल, बाहुबल, परिवारवाद और तुष्टिकरण के आधार पर चुनाव लड़ती हैं, जबकि भाजपा का चुनाव लड़ने का आधार जनसंपर्क और लोकसंपर्क है।
