
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य के लगभग सभी जिलों के जेलों में एक साथ पुलिस की छापेमारी चली। बड़ी संख्या में जेल पहुंची पुलिस की टीम सभी वार्डों की सघन तलाशी की। बिहार के कई जिलों के जेलों में आज सुबह से पुलिस की छापेमारी की गई। जिससे कैदियों के बीच हड़कंप मचा रहा। छापेमारी जिले के डीएम, एसपी, एसडीओ एवं एएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई.
बिहार के जेलों में खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय के आदेशानुसार छापेमारी की गयी. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिहार के सभी जेलों में सघन छपेमारी अभियान चलाया गया. पटना के आदर्श केंद्रीय कारा बेउर, मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा, भागलपुर जेल, पूर्णिया जेल सहित बिहार के तमाम जेलों में एकसाथ छापेमारी की गई. खबर के मुताबिक जेल आईजी मिथिलेश मिश्रा के निर्देश पर जारी इस अभियान में जेलों के भीतर से होने वाले आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही मोबाइल, मादक पदार्थ और आग्नेयास्त्रों पर विशेष नजर रखे जाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं. इस दौरान जेल में बंद कुख्यातों के वार्डों को भी खंगाला गया.

मुज़फ़्फ़रपुर में जिलाधिकारी, एसएसपी, एसडीओ पूर्वी व पश्चिमी, एडीएम सहित जिले के सभी थाना पुलिस की गाड़ियां मुज़फ़्फ़रपुर जेल पहुंच छापेमारी की। छापेमारी के पश्चात एक पेन ड्राइव और मोबाइल का चार्जर भी बरामद किया गया और पुलिस मामले में बरामद पेन ड्राइव की जांच करेगी. मुजफ्फरपुर के एसएसपी व अनुमंडलाधिकारी पूर्वी कुंदन कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया की लगभग 150 की संख्या में पुलिस बल के साथ जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जेल के विभिन्न वार्डों में तलाशी व सघन जाँच अभियान चलाया गया। जाँच के दौरान पेन ड्राइव, मोबाइल चार्जर, मादक पदार्थ समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद की गयी है जो जेल मैनुअल के खिलाफ है. हालांकि यह बात सामने आयी है की उक्त पेन ड्राइव में गाना और फिल्म है. बरामद पेन ड्राइव की जांच कराई जाएगी. यह माना जाता है की आपराधिक घटनाओं के तार कहीं न कहीं जेल से जुड़ते रहे हैं और जेल में बंद कई कुख्यात अपराधकर्मी जेल से ही शहर में अपराध को संचालित करने का कार्य करते हैं. स्मार्ट पुलिसिंग के लाख दावों के बावजूद शहर में रोजाना ही लूट, हत्या और छिनतई की घटना हो रही है, जिस पर लगाम लगाने में पुलिस-प्रशासन विफल साबित हो रही है.

सीवान मंडल कारा में छापेमारी में प्रत्येक वार्डो की सघन तलाशी ली गई। मंडल कारा में डीएम, एसपी, एसडीओ एवं एएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई . डीएम, एसपी, एएसपी, एसडीओ एवं महाराजगंज एएसपी के नेतृत्व में लगभग दो घंटे तक चली छापेमारी के दौरान दो मोबाइल, एक चार्जर, एक सिम, एक बैटरी, एक सेविंग कीट एवं कुछ और आपत्तिजनक समान बरामद हुए. डीएम सुश्री रंजीता ने इसकी पुष्टि की. गया केद्रीय कारागार में एसएसपी सिटी, एसपी, सदर एसडीओ, सदर डीएसपी समेत कई थानाध्यक्षों की मौजूदगी में छापेमारी की गई. छापेमारी कर बाहर निकलने के बाद डीएम अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि इसमें एक मोबाइल, एक चार्जर, कुछ कैंची बरामद किए गए. जब्त सामानों के आधार पर संबंधित कैदी पर होगा मामला दर्ज किए जाने की तैयारी की जा रही है.

वहीँ मंडल कारा भभुआ में डीएम एवं एसपी के नेतृत्व में की गई छापेमारी. साथ ही आरा में जिला अधिकारी संजीव कुमार एवं एसपी आदित्य कुमार के नेतृत्व में मंडल कारा में छापेमारी की गई है. बेगूसराय मंडल कारा में डीएम और एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई. इसमें दो मोबाइल और दो चिलम बरामद किए गए. जबकि समस्तीपुर मंडल कारा से कुछ भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ. छपरा मंडल कारा में भी आज सुबह डीएम और एसपी ने छापेमारी की गई. इस दौरान घंटों चले सर्च अभियान के बावजूद कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ. जहानाबाद से 8 मोबाइल सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए है. नवादा मंडल कारा में भी छापेमारी के दौरान दो मोबाइल 3 चार्जर बरामद हुए है.
