हंदवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में शहीद हुआ बेगूसराय का लाल

जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में दो सीआरपीएफ जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए. हमले में 8 जवान घायल भी हुए हैं. बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के बाद मलबे की तलाशी लेने के दौरान अचानक एक आतंकी निकला और सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग कर दी.

जिन चार जवानों ने अपनी शहादत दी उनमें बिहार के बेगूसराय का पिंटू कुमार सिंह भी शामिल थे. पिंटू कुमार सिंह बेगूसराय में बखरी प्रखंड के राटन पंचायत के ध्यान चक्की गांव निवासी स्वर्गीय चक्रधर प्रसाद सिंह के सबसे छोटे बेटे थे.

वे उत्तरी कश्मीर के बबुगुंड, हंदवाड़ा बॉर्डर पर शुक्रवार शाम सात बजे शहीद हो गए. हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन इलाके में कोहराम मचा हुआ है.बता दें कि शहीद पिंटू सिंह ने वर्ष 2009 में सीआरपीएफ ज्वाइन किया था और वर्तमान में वो कश्मीर में पदस्थापित थे. पांच भाइयों में पिंटू सिंह सबसे छोटे थे.

माता पिता की मौत के बाद उनके बड़े भाइयों ने ही पढ़ा लिखा कर उन्हें संभाला. पिंटू सिंह को एक पांच साल की बेटी है. घटना की सूचना पाकर पिंटू की पत्नी और घर के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और लोगों का हुजूम अब शहीद पिंटू सिंह के घर पर पहुंचना शुरू हो गया है. शहीद के सम्मान में सैकड़ों लोगों ने आक्रोश मार्च निकाला और पाकिस्तान मुर्दाबाद के लगाए जा रहे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.