
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने साहेबगंज थाना प्रभारी की संदिग्ध भूमिका के कारण निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने के आदेश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिबगंज थाना के चौकीदार वीर मदन राय के भाई लल्लन राय को शराब के नशे में गत 24 फरवरी को साहिबगंज थाना अध्यक्ष थानाध्यक्ष संजय स्वरूप ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार करने के उपरांत बिना जांच एवं प्राथमिकी दर्ज किए थाना से ही मुक्त कर देने के संबंध में सूचना वरीय अधिकारियों को प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के आलोक में सरैया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ शंकर झा से मामले की जांच-पड़ताल कराई गई। जांच में तत्कालीन साहिबगंज थाना अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक संजय स्वरूप दोषी पाए गए।

इस संबंध में एसडीपीओ डॉक्टर शंकर झा द्वारा 27 फरवरी को वरीय पुलिस अधीक्षक को जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष संजय स्वरुप की भूमिका को संदिग्ध पाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इस संबंध में एसएसपी ने कहा कि प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर साहेबगंज थाना थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध पाई गई जो पुलिस की छवि एवं सरकार के जीरो टॉलरेंस की नीति के प्रतिकूल है।
