
MUZAFFARPUR : मुज़फ़्फ़रपुर विशेष पुलिस टीम व एसएसबी ने संयुक्त रुप से सरैया क्षेत्र में देर रात अभियान चलाकर दो कंस्ट्रक्शन कंपनी व पेट्रोल पम्प व्यवसायी से लेवी मांगे जाने को लेकर कर 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
विदित हो कि तीन दिन पूर्व भाकपा माओवादियों के उत्तर बिहार जोनल कमेटी ने सरैया थाना क्षेत्र के मझौलिया गाँव में हाजीपुर-सुगौली रेलखंड का कार्य कर रहे हरि कंस्ट्रक्शन एवं सरैया में कार्यरत फुलार कंस्ट्रक्शन समेत मंगौली निवासी पेट्रोल पम्प व्यवसायी मो. जमाल से आर्थिक सहयोग करते हुये लेवी की मांग की गई थी। जिसे गंभीरता से लेते हुये वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने एएसपी अभियान विमलेशचन्द्र झा, सरैया एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा, एसएसबी कंपनी कमांडर ऋतुराज ने घटनास्थल पर जाँच-पड़ताल करते हुये विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया था।

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने विशेष टीम गठित कर मामले में कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिये थे।
सरैया व आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीम व एसएसबी ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि एसएसपी मनोज कुमार ने जिले में एक बार फिर से पांव पसारते नक्सलियों के मंसूबों को गंभीरता से लेते हुए कारवाई का आदेश दिया था साथ ही कंस्ट्रक्शन कंपनियों को सुरक्षित माहौल में निर्बाध गति से कार्य करने का आश्वासन देने की भी बात कही थी।
