शाह बोले भारतीय वायुसेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे गए, तो चिदम्बरम ने पूछा- किसने मारे गए लोगों की संख्या 300-350 बताई?’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि भारतीय वायुसेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे गए हैं। लक्ष्य जीतो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने पिछले पांच सालों में आतंक पर किए गए दो स्ट्राइक को लेकर बात की।

उन्होंने कहा , ‘पांच सालों में दो बड़ी घटनाएं उरी और पुलवामा में हुईं। उरी हमले के बाद हमारी सेना पाकिस्तान में घुसी और सर्जिकल स्ट्राइक की और हमारे जवानों की मौत का बदला लिया। पुलवामा हमले के बाद हर किसी ने यही सोचा कि इस बार सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की जा सकेगी। तो अब क्या होगा? इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 13वें दिन एयर स्ट्राइक (हवाई हमला) की और 250 आतंकियों को मार गिराया वो भी हमें बिना कोई नुकसान पहुंचे।’

विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को लेकर भी शाह ने टिप्पणी दी। उन्होंने कहा जब अभिनंदन को पाकिस्तान में पकड़ा गया तो सभी लोग आलोचना करने लगे थे लेकिन युद्ध है तो जवान पकड़ा भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार का ऐसा प्रभाव था कि विश्व में इतनी जल्दी कोई युद्ध कैदी अगर वापस आया है तो वह अभिनंदन है।

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने शाह के बयान पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर का कहना है कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि आतंकी शिविरो पर किए गए हवाई हमलों में कितने लोग मारे गए हैं।अमित शाह का कहना है कि एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे गए हैं। क्या यह राजनीति के लिए की गई एयर स्ट्राइक नहीं हैं?

अमित शाह-पी चिदंबरम

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि, ‘वायुसेना की कार्रवाई के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबसे पहले वायुसेना को सलाम किया। मोदी जी यह क्यों भूल जाते हैं?’ उन्होंने कहा, ‘वायुसेना के वायस एयर मार्शल ने कार्रवाई में मारे गए लोगों की संख्या के बारे में टिप्पणी करने से इनकार किया। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि कोई आम व्यक्ति और सैनिक हताहत नहीं हुआ। फिर किसने मारे गए लोगों की संख्या 300-350 बताई?’

चिदंबरम ने यह भी कहा, ‘एक गौरवान्वित नागरिक के तौर पर मुझे अपनी सरकार में भरोसा है। लेकिन अगर हम चाहते हैं कि दुनिया इस पर विश्वास करे तो सरकार को विपक्ष पर निशाना साधने के बजाय इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।’

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading