पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर की सोशल मीडिया पर चल रही मौत की खबर के बारे में खुफिया एजेंसी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों का कहना है कि इसके अलावा उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि गुर्दे की बीमारी के चलते मसूद अजहर का इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा है।
अजहर पाकिस्तान के बहावलपुर का निवासी है। उसने साल 2000 में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की स्थापना की थी। 50 वर्षीय अजहर को जब भारत सरकार ने 1994 में गिरफ्तार किया तब वह आतंकी संगठन हरकत-उल-मुजाहिदीन का सदस्य था।

आतंकी अजहर को कैद से छुड़ाने के लिए आतंकियों ने भारतीय विमान का अपहरण किया और उसे कंधार ले गए। विमान में तीन आतंकियों सहित 176 लोग सवार थे। इन लोगों ने अजहर समेत कई अन्य आतंकियों को रिहा करने की मांग की थी।
जिसके बाद 31, दिसंबर 1999 को अजहर को रिहा किया गया। रिहा होने के बाद अजहर ने 31 जनवरी, 2002 को जैश-ए-मोहम्मद का गठन किया। यूं तो इस नाम का मतलब होता है, पैगंबर मोहम्मद की फौज। लेकिन इसके सदस्यों ने इसके उलट काम कर आतंक फैलाया।
अधिकारियों का कहना है कि रविवार को सोशल मीडिया पर ऐसी कई रिपोर्ट आ रही थीं कि अजहर की मौत हो चुकी है। लेकिन इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महसूद कुरैशी ने बीते हफ्ते सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर पाकिस्तान में रह रहा है और बहुत बीमार है। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि सरकार उसके खिलाफ तभी कार्रवाई करेगी जब भारत मजबूत सबूत पेश करेगा, जिन्हें अदालत में दिखाया जा सके।
कुरैशी ने कहा था, “मेरी जानकारी के अनुसार वो पाकिस्तान में है। वह इतना बीमार है कि घर से बाहर भी नहीं निकल सकता।’
