एयरस्ट्राइक : रात साढ़े तीन बजे मच्छर बहुत थे, तो मैंने ‘हिट’ मारा, अब मच्छर कितने मारे, ये गिनने बैठूं, या आराम से सो जाऊं? : वीके सिंह

पुलवामा हमला और उसके बाद पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए एयर स्ट्राइक की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई है। लोकसभा चुनाव करीब हैं और ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां इसका सियासी लाभ उठाने के लिए अमादा हैं।

आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी के बीच विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों पर तंज कसते हुए चुटीले अंदाज में एक ट्वीट किया है। वीके सिंह ने पाकिस्तान में भारतीय वायु सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन में मरने वालों की संख्या पूछने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि रात साढ़े तीन बजे मच्छर बहुत थे, तो मैंने ‘हिट’ मारा। अब मच्छर कितने मारे, ये गिनने बैठूं, या आराम से सो जाऊं?

वहीं एक समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, “अगली बार जब भारत कुछ करे तो मुझे लगता है कि विपक्षी जो ये प्रश्न उठाते हैं, उनको हवाई जहाज के नीचे बांध कर ले जाएं, जब बम चले तो वहां से देख लें टारगेट, उसके बाद उनको वहीं पर उतार दें, उसके बाद वो गिन ले और वापस आ जाएं।”

भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी को रात साढ़े तीन बजे पाक सीमा में घुस कर बालाकोट समेत आतंकियों के कई ठिकानों पर हमला किया था, जिसमें 300-400 आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई थी। मगर सबूतों की कमी और पाकिस्तान के तमाम दावों के कारण इस पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.