पाकिस्तान लगातार कर रहा है सीजफायर उल्लंघन

भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंपों पर बमबारी करके उन्हें ध्वस्त कर दिया था। इसके दो हफ्ते बाद पाकिस्तान वायुसेना ऑपरेशनल अलर्ट पर है। पाकिस्तान ने अपने एफ-16 के पूरे स्कवाड्रन की तैनाती पूर्वी मौर्चे पर की हुई है। वहीं अमेरिका की स्वतंत्र सैटेलाइट तस्वीरों से इस बात की पुष्टि हो गई है कि वायुसेना ने आतंकी कैपों को हिट किया था। यह बात एक उच्च रक्षा सूत्र ने बताई है।

सूत्र ने बताया कि जहां पाकिस्तानी और भारतीय हवाई सीमाओं पर तनाव जारी है वहीं पाकिस्तानी सेना ने रावलपिंडी मुख्यालय पर 10 कॉर्प्स के साथ ही सियालकोट की स्पेशल फोर्सिज ब्रिगेड की तैनाती जम्मू कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कर रखी है। एक अधिकारी ने कहा, ‘हमने इन रिपोर्ट्स की पुष्टि की है कि पाकिस्तान ने अमेरिका से खरीदे गए एफ-16 विमान को भारत-पाकिस्तान की सभी सीमाओं पर हाई अलर्ट पर रखा है।

अधिकारी ने कहा पाकिस्तान ने 26 फरवरी को हुई एयर स्ट्राइक के बाद से गोलीबारी तेज कर दी है। डाटा के अनुसार एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने सुंदरबनी, नौशेरा, पूंछ, भिमबेर गली और कृष्णाघाटी सेक्टर पर लगातार मोर्टार दागे और 120 मिलीमीटर की आर्टिलरी गन से गोलबारी की। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 26 फरवरी को 19 बार युद्ध विराम उल्लंघन हुआ। इसके अगले दिन 16 बार और 28 फरवरी को 26 बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया।

डाटा के अनुसार पिछले दो महीनों में 467 बार युद्ध विराम का उल्लंघन हुआ है। जिसमें से अकेले फरवरी में 251 बार हुआ है। साल 2017 में 971 बार युद्ध विराम का उल्लंघन हुआ था वहीं 2018 में यह संख्या बढ़कर 2140 हो गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.