
MUZAFFARUR (ARUN KUMAR) : जिले में में एक के बाद एक ताबड़तोड़ लूट, हत्या, चोरी, डकैती, छिनतई की वारदातें हो रही हैं. शहर में पुलिस लॉ एंड आर्डर मेंनटेन करने में व्यस्त है. जबकि अपराधी क्राइम करने में मस्त है. इनदिनों अपराध का ग्राफ तेजी के साथ बढ़ा है. इस दौरान बाइक सवार अपराधियों द्वारा लूट, छिनतई की वारदातों में इजाफा हुआ है. अपराधी बेखौफ अंदाज में घटनाओ को अंजाम दे रहे हैं. जबकि पुलिस उनके खिलाफ एक्शन मोड में नहीं आ पा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिस्कॉट लेन में एमडीडीएम कॉलेज की (एचओडी) रिटायर्ड प्रोफेसर सुभद्रा सिंह से बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पर्स छीन लिया और भाग निकले. महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, पर तब तक उचक्के अपने काम को अंजाम देकर फरार हो चुके थे. रिटायर्ड प्रोफेसर सुभद्रा सिंह ने बताया की स्टेट बैंक शाखा से पेंशन के 50 हज़ार रुपये की निकासी कर वह घर जा रही थी, इस बीच काले पल्सर पर सवार दो युवकों ने उनका पर्स झपट लिया. जब तक कुछ समझ पाती उचक्के भाग भाग निकले. उन्होंने बताया की पर्स में 50 हज़ार रुपयों के अलावा और भी महत्वपूर्ण कागज़ात थे. सूचना मिलने पर मिठनपुरा पुलिस मौके पर पहुँच कर आसपास के लोगों से जानकारी लेते हुए कार्रवाई में जुटी है.

जिस समय रिटायर्ड प्रोफेसर के साथ ये वारदात हुई उस समय एसएसपी मनोज कुमार जिले के अधीनस्थ पुलिस अधिकारीयों के साथ मीटिंग कर रहे थे. घटना का पता चलते ही अधिकारी भी मौके की ओर दौड़े. सबसे दिलचस्प बात यह रही की घटनास्थल से महज 200 मीटर की दुरी पर मिठनपुरा पुलिस की गश्ती खड़ी थी. इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त था. पीड़ित महिला के पुत्र बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता संजय कुमार सिंह ने पुलिस के असहयोगात्मक रवैये पर रोष जताया. विदित हो की मिठनपुरा इलाके में आधे दर्जन से भी ज़्यादा विभिन्न बैंक और क्षेत्रीय कार्यालय है. इस इलाके में लूट और छिनतई की कई घटनाएं घट चुकी है.

