प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहली बार रैली को किया संबोधित, कहा – हमारे संस्थान बर्बाद किए जा रहे हैं…

गांधीनगर में कांग्रेस की रैली के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विरोधियों को निशाने पर लिया। भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने पार्टी पर तीखे तंज कसे। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि देश को बचाना आपके हाथ में है। आने वाले समय में सही फैसला लीजिए। हमें मिलकर देश को बचाना होगा।

प्रियंका ने कहा- इस देश की फितरत है कि नफरत की हवाओं को प्रेम और करुणा में बदलेगी, ये आवाज यहां से उठाइए। आने वाले दिनों में सही फैसले लीजिए, ये आपका देश है, आपने बनाया है, किसानों ने बनाया है, बहनों ने बनाया है, नौजवानों ने इसे बनाया है। देश की हिफाजत सिर्फ आप लोग कर सकते हैं। अपनी जिम्मेदारी को समझिए। ये आजादी की लड़ाई से कम नहीं है। हमारी प्रतिभा खत्म की जा रही है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, हमारे संस्थान बर्बाद किए जा रहे हैं। जहां भी आप देखें, नफरत फैलाई जा रही है। हमें मिलकर देश को बचाना होगा। इसके लिए काम करें और एक साथ आगे बढ़े।

उन्होंने कहा- आज जो कुछ देश में हो रहा है उससे दुख होता है। मैं दिल से कहना चाहती हूं कि इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है कि आप जागरूक बनें। आपकी जागरुकता एक हथियार है। आपको सोचना है कि यह चुनाव है और अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं। चुनाव में फिजूल के मुद्दे नहीं उठने चाहिए. जरूरी मुद्दे किसान, नौकरी, महिला सुरक्षा हैं। ये चुनावी मुद्दा है। जो आपके सामने बड़ी- बड़ी बातें और वादे करते हैं, उनसे पूछिए कि हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का जो वादा कहां गया

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोला। राहुल ने कहा- देश के किसान परेशान हैं। कुछ लोग देश कमजोर कर रहे हैं। 2014 में इन्होंने (नरेंद्र मोदी) ने कहा था कि मुझे प्रधानमंत्री नहीं देश का चौकीदार बनाइए। नरेंद्र मोदी देश को ये नहीं बताते कि वायुसेना की जेब से 30 हजार करोड़ रुपये चोरी करके अनिल अंबानी की जेब में डाला है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.