
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने समस्त मतदान केंद्रों के अलावा शहर में सुरक्षा की बिसात बिछाने की तैयारी को लेकर कमर कस चुकी है. लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद होली पर्व और लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को प्रतिबद्ध जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने अपराध संगोष्ठी आयोजित की. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष, अनुमंडलाधिकारी पूर्वी, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, एएसपी अभियान बिमलेश चंद्र झा, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद, सरैया एसडीपीओ डॉ. शंकर झा, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के थानाध्यक्ष समेत एसएसबी की 32वीं वाहिनी की ‘ई कंपनी के सहायक कमांडेंट ऋतुराज व सभी अंचलों के पुलिस निरीक्षक उपस्थित थे.

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी मनोज कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए की वे सभी चुनाव के सम्बन्ध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के आलोक में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन कराने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल के साथ जिले में पारा मिलेट्री फ़ोर्स की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. इस दौरान उन्होंने कहा की पुलिसकर्मी मॉडल कोड का शत् प्रतिशत अनुपालन बिना भेद भाव के करे. पुलिस पदाधिकारी और पुलिस कर्मियों का व्यवहार पूरी तरह पेशेवर होना चाहिए. होली पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों, नशेड़ियों और हुड़दंगियों पर विशेष नज़र रखें और अफवाह फ़ैलाने वालों, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वालों के खिलाफ क़ानूनसम्मान कार्रवाई करें. एसएसपी ने कहा चुनाव पूर्व फरारियों और वारंटियों की गिरफ़्तारी सुनिश्चित करते हुए जेल भेजने की मुहीम लगातार जारी रहनी चाहिए. इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. फरार रहने की दिशा में उनके खिलाफ कोर्ट में कुर्की जप्ती हेतु सारी प्रक्रिया पूर्ण कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

वहीं उन्होंने सभी थानाध्यक्ष से थानावार असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर सूची तैयार करने के साथ ही पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव से संबंधित दर्ज मुकदमों की विवेचना की समीक्षा प्राथमिकता के आधार पर करते हुए संदिग्ध, असामाजिक तत्व, वांछित अपराधी, हिस्ट्रीशीटर और मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण में व्यवधान उत्पन्न करने वालों की सूची तैयार कर पारा मिलिटरी फ़ोर्सेज़ को अविलंब सौंप दिए जाने का निर्देश दिया. साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले, साम्प्रदायिकता फ़ैलाने और धार्मिक विवाद के मामलों में चार्जशीटेड पर भी सीसीए की करवाई का आदेश दिया गया है. इस प्रकार के असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सौहार्द और समाज की शांति व्यवस्था में बाधक साबित हो सकते हैं.

ज़िले में 14 जगहों पर मॉडल चेकिंग पॉइंट बनाए जाएँगे, जहाँ पैरामिलिटेरी फ़ोर्सेज़ के साथ बैरिकेडिंग लगा कर नाकेबंदी कर सतर्कता और मुस्तैदी से वाहनों की सघन जांच व तलाशी करेंगे. वाहन के अंदर शराब, नशीला या मादक पदार्थ, हथियार, भारी मात्रा में नगदी आदि बरामद होने पर कार्रवाई करेंगे. उन्होंने चुनाव और होली पर्व के मद्देनज़र संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए होटल, लॉजों, सराय, ढाबा, धर्मशाला, शापिंग माल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा पर सघन जांच व तलाशी अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया है. हाल के दिनों में जेल से छूटने वाले अपराधियों पर खास कर सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने को कहा. होली पर्व और चुनाव को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र की शराब तस्करी के संभावित मार्गों समेत शहर के इंट्री पॉइंट को चिन्हित करते हुए पारा मिलेट्री फ़ोर्स के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए शराब तस्करी में संलिप्त तस्कर-कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि होली पर्व और चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.

एसएसपी ने बताया की सभी चार्जशीटेड शराब कारोबारियों व नक्सल अपराधियों पर सीसीए एवं निरोधात्मक करवाई अचूक रूप से की जाएगी. मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर थानावार सूची तैयार प्रशासन द्वारा अब तक लगभग 4000 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है जो विधि-व्यवस्था संधारण में बाधा उत्पन्न करते हुए मतदान के दौरान गड़बड़ी फैला सकते हैं. इसके अलावा पुलिस शहर में संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां पर विशेष निगरानी रखेगी. जिला प्रशासन द्वारा इन बूथों की लिस्ट बना ली गई है लेकिन पुलिस भी अपनी ओर से लिस्ट बना रही है.

हरेक बूथ पर कम से कम दस संदिग्ध लोगों पर पुलिस अपनी पैनी नज़र रखेगी वहीं हरेक बूथ पर कम से कम तीन या उससे अधिक सामाजिक व जागरूक लोगों के सम्पर्क में रहने के निर्देश दिए गए. एसएसपी मनोज कुमार ने कहा की चुनाव के दौरान प्रत्याशियों और अन्य प्रमुख नेताओं को रात्रि विश्रम के दौरान भी पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही प्रत्याशियों को आने-जाने, मीटिंग करने और रैली के लिए भी सुरक्षा प्रदान की जायेगी. किसी भी राजनैतिक दल/संगठन द्वारा किसी आयोजन के निश्चित समय सीमा पूर्व सुरक्षा हेतु तैयारी के लिए पुलिस को सूचित कर पूर्वानुमति नहीं लिए जाने पर सभा, जुलूस, रोड शो के लिए लाइसेन्स देने से स्पष्ट इनकार किया जा सकता है.

मतदान स्थल व मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों तथा पासधारक व्यक्तियों को ही जाने की अनुमति देंगे तथा किसी भी व्यक्ति को पोलिंग बूथ अथवा मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, ज्वलनशील वस्तु व अन्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी. नक्सल प्रभावित गाँवों और क्षेत्रों में पुलिस पैनी नजर रखेंगी, उन गांवों में रहने वाले अपराधियों व चुनाव प्रभावित कर सकने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी की जाएगी. नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एएसपी अभियान बिमलेश चंद्र झा के नेतृत्व में एसएसबी पैरामिलिटेरी फ़ोर्सेज़ व स्थानीय पुलिस लगातार फ्लैग मार्च के साथ ही कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाएगी.

अभियान के तहत पारु, देवरिया, सरैया, वैशाली जिले के सीमावर्ती इलाको और पश्चिमी दियारा आदि में अभियान चलाये जाने के भी आदेश दिए. ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध और असामाजिक तत्वों की पहचान की जाएगी. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने लेकर अलग से एक योजना बनाई जा रही है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके. इससे पूर्व एसएसपी मनोज कुमार की अध्यक्षता में टीसीएस के पदाधिकारियों द्वारा सीसीटीएन पर एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमे जिले के तमाम पुलिसकर्मी शामिल हुए. जिसमे पुलिसकर्मियों को कई टिप्स भी दिए गए.
