प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक का दूसरा पोस्टर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को रिलीज करने वाले थे लेकिन अब इसकी लॉन्चिंग की डेट आगे बढ़ा दी गई है। मेकर्स ने इस बात की जानकारी दी है। दरअसल गोवा के सीएम मनोहर परिकर के निधन बाद अब दूसरे पोस्टर का अनावरण आज नहीं किया जाएगा। हालांकि, यह खुलासा नहीं हुआ है कि अब दूसरा पोस्टर कब जारी किया जाएगा।

भारत सरकार ने 18 मार्च को राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया है। ऐसे में कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। देश के पहले आईआईटियन मुख्यमंत्री मनोहर परिकर का रविवार को निधन हो गया। पैन्क्रियाज कैंसर से जूझ रहे 63 वर्षीय परिकर की हालत पिछले दो दिन से बेहद खराब थी। बता दें पीएम मोदी की बायोपिक का पहला पोस्टर 7 जनवरी को जारी हुआ था।
मुंबई में उसे महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जारी किया था। वहीं फिल्म का दूसरा पोस्टर बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज दिल्ली में लॉन्च करने वाले थे। पीएम मोदी का किरदार निभा रहे विवेक का मानना है कि पीएम मोदी का किरदार उनके जीवन का एक अहम किरदार है। फिल्म को ओमंग कुमार निर्देशित कर रहे हैं। इससे पहले वह सरबजीत और मैरी कॉम की बायोपिक फिल्में बना चुके हैं। फिल्म का प्रोडक्शन संदीप सिंह कर रहे हैं।
